बेसिक शिक्षक का सेवा चक्र

बदलती ज़िम्मेदारियों के बीच बेसिक शिक्षा का शिक्षक और उसका समायोजन।


स्टेप-1

बेसिक शिक्षा का प्रशिक्षण काल और हमारे जीवन का स्वर्णिम समय।
मन में स्फूर्ति, कुछ कर गुजरने की चाहत।कल्पनाओं का बोलबाला। बस लगता है कैसे ये दो वर्षीय प्रशिक्षण समाप्त हो और हमें विद्यालय पहुँचने का अवसर मिले। प्रशिक्षण समय में जिन विद्यालयों में भेजा गया उनसे सन्तुष्टि नहीं मिली, लगता इसमें बहुत कुछ बदला जा सकता। काफी कुछ बदलाव तो ऐसा जिसे एक दो दिन में ही करना सम्भव। लेकिन वहाँ के प्रधानाध्यापक, वहाँ के शिक्षक, वहाँ का माहौल। शायद कुछ बदलने को तैयार नहीं। मन मारकर पुनः प्रशिक्षण संस्थान वापसी। आपस में छात्राध्यापकों से विचार-विमर्श, आप जहाँ गये थे वहाँ की क्या स्थिति रही। पुनः अपना प्रशिक्षण स्थल, परीक्षा की तैयारी, परीक्षा फिर परीक्षाफल का इंतज़ार।

स्टेप-2

हाथों में बेसिक सर्टिफिकेट, जोइनिंग की मारामारी, पदों का टोटा, धरना प्रदर्शन। अन्ततः जोइनिंग।

स्टेप-3

एक ऐसे विद्यालय में जोइनिंग जो उधारी के शिक्षक से चल रहा। उधारी शिक्षक का पलायन, जाने अनजाने रजिस्टरों का बंडल, एक अदद असहयोगी ग्राम प्रधान, कुछ समिति मेंबर्स। न्याय पंचायत समन्वयक की दिन में दो बार कॉल के साथ विभिन्न प्रपत्रों की मांग। ये प्रपत्र कैसे बनेंगे पुराने रजिस्टरों में गुड़मुड़ होता जीवन, 56km की लंबी यात्रा के बाद घर के दर्शन। घर वालों की अपेक्षाओं में घिरा शिक्षक।

स्टेप-4

लम्बी यात्रा, कम स्टाफ, नामांकन, पुस्तक वितरण, mdm संचालन, थाली गिलास बैग वितरण, शिक्षण, brc मीटिंग, रंगाई-पुताई। रसोइया चयन। सामंजस्य बैठाता शिक्षक।

स्टेप-5

प्रोन्नति, नया विद्यालय नया माहौल। नये सहयोगी। कुछ-कुछ असफल सा सेवाकाल। न विद्यालय में कुछ बदलाव का मन, न कुछ नया करने की चाहत। वही रजिस्टर, वही समितियाँ, वही ग्रामप्रधान, वही प्रपत्रों की माँग। न घर पहुँचने की जल्दी, न घर से विद्यालय पहुँचने की जल्दी। सामंजस्य बिठाता शिक्षक।

स्टेप-6

द्वितीय प्रोन्नति, वेतन का आंकलन, परिवार की चिंता, पूर्ण हो रहे सेवाकाल में अधिक ज़िम्मेदारियाँ निभाने की जल्दी। गृहऋण उतारने की जल्दी। सामंजस्य बिठाता शिक्षक।

स्टेप-7

असंतुष्टि भरी सेवानिवृत्ति

ए मेरे प्रशिक्षणकाल तुम बहुत याद आते हो।


यदि हमें अपने स्टेप 7 को बदलना है तो हमें अपने स्टेप 3 से कड़ी मेहनत करनी होगी।


लेखक 
अरशद अब्बास,
प्रधानाध्यापक,
प्राथमिक विद्यालय रेती खुर्द बुज़ुर्ग,
विकास खण्ड सतांव, रायबरेली।

Comments

Total Pageviews