कुछ यादें पुराने दिनों की

बदलते  बदलते जमाना बदल गया,
शमा बदल गयी, परवाना बदल गया।

गाँव की गालियाँ तो, वही पुरानी हैं,
पर मेरा ही, आना-जाना बदल गया।

उनकी गली में, मेरे कदम न पड़ सके,
जब सुना, उनका ठिकाना बदल गया।

पुराना पेड़ क्या कटा, बुलबुल न लौटी,
शायद उसका आशियाना बदल गया।

पढ़-लिख के, पुराने ख़्याल में लिपटे हैं,
फ़िर कैसे कहें, ताना-बाना बदल गया?

लोगों को आज, स्वार्थी भी कैसे कह दूँ?
जब  इंसानियत का पैमाना बदल गया।

रिश्वत ले काम करें, तो भी ईमानदार हैं,
बाबू लोगों का ढंग, पुराना बदल गया।

पुराने दिन याद आये तो, यह पता चला,
लोगों का हँसना-मुस्कराना, बदल गया।

रचयिता
प्रदीप कुमार,
सहायक अध्यापक,
जूनियर हाईस्कूल बलिया-बहापुर,
विकास खण्ड-ठाकुरद्वारा,
जनपद-मुरादाबाद।

विज्ञान सह-समन्वयक,
विकास खण्ड-ठाकुरद्वारा।

Comments

Post a Comment

Total Pageviews