मैं, मेरा बचपन और किताबों से दोस्ती

बुंदेलखंड के बाँदा जिले के एक पिछडे़  गाँव ‘बल्लान’ में 1973 में जन्म हुआ और 1998 में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में सहायक अध्यापक के रूप में जुड़ना हुआ। एक शिक्षक के रूप में काम करते हुए पूरे बीस साल हो गये हैं। अपनी पढ़ाई, शिक्षक बनने की प्रक्रिया, शिक्षक रूप में अनुभव और इस दौरान मिली बाधाएँ एवं चुनौतियाँ, समाधान के रास्ते और उपलब्धियों की ओर देखता हूँ तो कुछ ऐसा चित्र उभरता है।    
पढ़ने के साथ लिखना भी प्राथमिक कक्षाओं में रहते हुए ही शुरु हो गया था। हालाँकि तब यह बिल्कुल नहीं मालूम था कि पढ़ना-लिखना क्या है? लेकिन स्कूली किताबों के अलावा जो कुछ भी पढ़ पाया उसने मुझे एक बेहतर नागरिक बनने या होने में मेरी भरपूर मदद की। एक शिक्षक के रूप में अपने  स्कूल में आज जो भी नया कर पा रहा हूँ उसमें बालपन से अब तक पढ़ी गई किताबों से उपजी साझी समझ का बहुत बड़ा योगदान है। पढ़ने ने मुझे शब्द-सम्पदा का धनी बनाया, लेखन में एक अपनी शैली विकसित करने में सहारा दिया और चीजों को समझने की दृष्टि भी भेंट की। मेरा भाषा और गणित का आरम्भ एक साथ हुआ बल्कि यह कहना कहीं अधिक ठीक रहेगा कि दोनों प्रत्येक व्यक्ति के शुरुआती सीखने में साथ-साथ चलते हैं। शब्द राह दिखाते हैं, अक्षर लुकाछिपी का खेल खेलते-खेलते नये शब्द रचवा लेते हैं। आज जब पीछे मुड़कर देखता और विचार करता हूँ कि पढ़ने-लिखने की शुरुआत कब, कैसे, कहाँ हुई तो तीन छोर नजर आते हैं। तो अभी मैं एक छोर पकड़ कर आपको ले चलता हूँ अपने गाँव बल्लान। 


बल्लान, जिला मुख्यालय बाँदा से यही कोई चालीस किमी दूर पूरब की ओर बसा मिश्रित आबादी का मेरा गाँव जहाँ मैंने अपनी आँखें खोलीं और जीवन की किताब का पहला पन्ना भी। घर के चारों ओर खेतों में भैंसलोट, परसन, तुलसी भोग, लोचई, महाचिन्नावर धान की पसरी खुशबू मन मोह लेती। पत्तियों और घास पर पड़ी ओस की बूँदें चमकतीं और 3-4 वर्ष का मैं उनके मोहपाश में बँधा गिन-गिनकर हथेली में भर लेना चाहता। पर हर बार मेरे हाथ रिक्त होते और आँखें भरीं। 

दादी टोकतीं, ‘तुमने ज्यादा ले लिया ना, दूसरे बच्चे का हिस्सा भी। इसीलिए मोती टूट गये, समझे।’’ और फिर गिनकर चार-पाँच मोती मेरी हथेली पर रख देतीं, एक के बाद एक। बहुत बाद में जान पाया कि दादी ने तो गणित का जोड़-घटाव ही नहीं पढ़ा दिया था बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का सूत्र भी अन्तर्मन में कहीं गहरे उतार दिया था कि प्रकृति से थोड़ा और अपने हिस्से का ही लो।
दूसरा छोर, मेरी माता जी श्रीमती रामबाई, जिन्हें हम सब भाई बहन अम्मा कह के बुलाते हैं, ने दादी की सिखावन की कड़ी को आगे बढ़ाया। कहीं से मिल गई फटी ‘हिन्दी बाल पोथी’ के अक्षर और तरह-तरह के चित्रों से प्रथम परिचय अम्मा ने ही करवाया। नहला-धुला के बखरी में बैठा पोथी पकड़ा देतीं और स्वयं वहीं घर के काम करती जातीं। जांत में गेहूँ पीसना हो, आँगन में सूखने के लिए धान फैलाना, कोनइता में धान दरकर बगरी बनाना या फिर ‘कांणाी’ में बगरी कूटना। महीनों मैंने केवल वर्णमाला सिखाने वाले उन अनगढ़ चित्रों को ही देखने में बिताया। अम्मा चित्रों को पहचानकर उनके नाम उच्चारण करतीं और मैं दुहराता रहता। ऐसा करते वे मुझे याद हो गये। घर के सामने की धूल भरी धरती मेरी पाटी बनी और अम्मा ने मेरी उँगली को कलम बनाकर मुझे पहला अक्षर ‘क’ बनाना सिखाया था। जाड़े के मौसम में दरवाजे के पार उगी दूब ओस से नहाई होती और मैं दूसरे बच्चों के साथ अपनी उँगली से वर्णमाला का कोई अक्षर या चित्र बना रहा होता था। तीसरा छोर मेरी औपचारिक शिक्षा के आरम्भ होने से जुड़ा है। 6 साल का होते-होते मैं गाँव की पगडण्डी छोड़ अध्यापक पिता श्री बाबूलाल दीक्षित साहित्याचार्य के साथ अतर्रा कस्बे मे आ गया था। मेरी पढ़ने की औपचारिक शुरुआत यहीं से हुई। ब्रह्म विज्ञान शिशु सदन में मेरी पाटी पूजा हुई और पक्के एक में नाम लिखा गया। यहाँ पढ़ने एवं सीखने का विस्तृत फलक मिला। मुझे अच्छी तरह से याद है कि स्कूल में होने वाली बाल सभा में मैं गीत-कहानी सुनाया करता था। घर में कोई साहित्यिक माहौल तो नहीं था पर पिताजी ‘धर्मयुग’ और कुछ अन्य पत्रिकाएँ नियमित लाया करते थे, जिसे मैं चोरी-चोरी पढ़ लिया करता था। घर में लोहे का एक पुराना बड़ा संदूक था जिसमें किताबें भरी रहा करतीं थीं। बरसात बाद पिताजी किताबों को धूप दिखाते थे। ये किताबें मुझे अपने पास बुलातीं, मेरा मन खींचतीं थीं। मैं जानने को उत्सुक था कि उनमें क्या है। सन् 1981 की गर्मियों के अलस भरे लम्बी छुट्टी के दिन, कक्षा छह उत्तीर्ण करने के कारण कुछ विषयगत पढ़ने को था नहीं। कुछ न कुछ पढ़ने की आदत बन जाने के कारण मन में जिज्ञासा हुई कि संदूक मेे से कुछ निकाला जाए, पर पिताजी की डाँट-डपट का डर। मन संदूक में रम गया था और एक दिन धीरे से एक मोटी किताब निकाल ली। संयोग से वह कथा सम्राट प्रेमचन्द्र का उपन्यास ‘गोदान’ था। तो घर के सामने लगे बरगद की छांव तले सात दोपहर में चोरी-चोरी ‘‘गोदान’’ पढ़ा। ‘गोदान’ में वर्णित तत्कालीन परिस्थितियों ने बालमन पर गहरा असर डाला और सामाजिक ताने-बाने को समझने की एक दृष्टि भी दी। तब अंकुरित हुए सामाजिक समरसता, समानता, सहिष्णुता, करुणा, न्याय एवं बन्धुत्वभाव आज विकसित होकर विस्तृत फलक को अपने में समेट लिए हैं। अगली पुस्तक जो हाथ लगी वह थी देवकी नन्दन खत्री का उपन्यास ‘चन्द्रकान्ता’। गोदान के यथार्थ धरातल से बिल्कुल उलट कल्पना की दुनिया की भावभूमि में बुने ‘चन्द्रकान्ता‘ ने मन को बाँध लिया था। वृन्दावनलाल वर्मा की ‘मृगनयनी‘ को कैसे भूल सकता हूँ, ऐतिहासिक सन्दर्भों को कल्पना के धागे में पिरोकर पाठक के चित्त को चुरा लेने की कला का दर्शन भी तभी कर लिया था। और हाँ, चन्द्रधर शर्मा ‘गुलेरी’ की कहानी ‘उसने कहा था‘ भी पढ़ी थी जो किसी अखबार के रविवासरीय पन्ने में छपी थी और आज भी जिसकी कटिंग मेरे पास सुरक्षित है। तमाम व्यस्तता के बावजूद मैं पढ़ने-लिखने का मौका ढूंढ लेता हूँ और किसी दिन यदि कुछ पढ़-लिख नहीं पाया तो खालीपन महसूस करता हूँ। नई-नई किताबों कों पढ़ने की भूख और नया सीख पाने की ललक बहुत बढ़ गई है। इतना सब पढ़ने के बाद भी पढ़ने और लिखने से मन नहीं भरा। तो मेरी प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने में मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। नियमित अखबार और पत्रिकाएँ पढ़ने के कारण मेरा सामान्य ज्ञान अन्य हमउम्र बच्चों से कहीं अधिक बेहतर और समृद्ध था जिसका मुझे आगे बहुत लाभ मिला।

लेखक पर्यावरण, महिला, लोक संस्कृति, इतिहास एवं शिक्षा के मुद्दों पर दो दशक से शोध एवं काम कर रहे हैं।

लेखक
प्रमोद दीक्षित ʺमलयʺ
सह-समन्वयक - हिन्दी,
बीआरसी नरैनी , जिला - बांदा

79 ⁄ 18‚ शास्त्री नगर‚
अतर्रा – 210201‚ जिला– बाँदा‚ उत्तर प्रदेश
Mob. 09452085234
email :  pramodmalay123@gmail.com

Comments

Total Pageviews