151/2025, बाल कहानी- 16 सितम्बर


बाल कहानी - एक गलती का अंजाम
----------------------
सुबंशी नामक गाँव था। जहाँ पर एक शर्मा परिवार रहता था। परिवार में शिवांगी और सार्थक नाम के दो बच्चे थे। सार्थक बहुत शैतान तो था लेकिन पढ़ाई में बहुत होशियार था। 
उसकी मम्मी उसे बहुत समझाती रहती थी लेकिन उसे कुछ समझ नहीं आता था। उसके पापा उसे समझदार बनाने के लिए सदैव कुछ न कुछ जिम्मेदारी देते रहते थे। एक दिन उसके पापा शहर के बाहर गये क्योंकि उन्हें बहुत जरूरी काम था। बिजली का बिल जमा करने की आखिरी तारीख थी तो उन्होंने सार्थक की मम्मी को बिजली के बिल और जरूरी काम के लिए कुछ पैसे दिए। उस समय सार्थक की मम्मी कुछ जरूरी काम कर रही थीं तो उन्होंने वे पैसे पास की अलमारी में रख दिए और काम करने लगी।
तभी अचानक घर में कुछ मेहमान आ गये और वह पैसे उठाना भूल गईं। अचानक सार्थक की नजर उन पैसों पर पड़ी। उसने सोचा, "इतने सारे पैसे हैं, लगता है पापा जाने से पहले यहाँ रखकर भूल गए हैं। ऐसा सोचकर सार्थक ने उन पैसों को लेकर स्कूल बैग में रख लिया और स्कूल चला गया। 
अब जब सार्थक के पापा का फोन आया कि वह आज बिजली का बिल अवश्य भर दें क्योंकि आज बिजली के बिल भुगतान की आखिरी तारीख है। तब उसकी मम्मी ने पैसे देखे लेकिन उन्हें पैसे नहीं मिले और वह बिजली का बिल भी नहीं भर पायीं। डर के कारण उन्होंने ये बात सार्थक के पापा को नहीं बतायी। सोचा, एक बार बिल नहीं जमा होगा तो कोई दिक्कत थोड़ी न हो जाएगी। दो चार दिन बीत गये और एक दिन बिजली वालों ने आकर बिजली का कनेक्शन काट दिया। पूरे घर में अँधेरा छा गया। 
दूसरे दिन से शिवांगी की बोर्ड की परीक्षाएँ थीं। अब वह कैसे पढ़ाई कर पायेगी? सार्थक भी स्कूल का काम नहीं कर पा रहा था। दूसरे दिन उसे स्कूल में बहुत डाँट पड़ी। घर में भी सारा काम बन्द हो गया था। सब बहुत परेशान थे। तब जाकर सार्थक से उसकी मम्मी ने पूछा, तो उसने पूरी बात बतायी और अपनी गलती के लिए क्षमा भी माँगी। 
अगले दिन पापा घर आये तो सारी बात की जानकारी हुई। तब उन्होंने समझाया, "हमें भी घर के किसी समान को पूछे बिना नहीं लेना चाहिए।" 
तब सार्थक ने अपनी बेबकूभी भरी गलती के लिए क्षमा माँगी और भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराने की शपथ ली।

#संस्कार_सन्देश-
हमें भविष्य में कभी कोई भी ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए, जिससे दूसरों को कष्ट पहुँचे।

 कहानीकार-
#अंजनी_अग्रवाल (स०अ)
सरसौल, कानपुर नगर

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews