भारत के राष्ट्रीय प्रतीक

राष्ट्र के सभी प्रतीकों का,
सम्मान सभी को करना है।
सभी प्रतीकों की जानकारी,
प्राप्त सभी को करना है।

रंग तीन हैं ध्वज में हमारे,
केसरिया और सफेद हैं।
हरा रंग सबसे नीचे है,
देते सभी संदेश हैं।

केसरिया है प्रतीक शक्ति का,
सफेद शांति का होता है।
हरा रंग समृद्धि दिखाता,
ऐसा अपना तिरंगा होता है।

जन गण मन है राष्ट्रगान,
बावन सेकंड में गाते हैं।
रचयिता हैं टैगोर जी इसके,
सब भारतवासी गाते हैं

राष्ट्रगीत है वन्देमातरम,
जो आनन्द मठ से लिया गया।
बंकिमचंद्र थे इसके रचयिता,
लोगों के दिलों में छा गया।

पक्षी राजा मोर हमारा,
होता है कितना प्यारा।
रंग-बिरंगे पंख सुनहरे,
राष्ट्रीय पक्षी मोर हमारा।

राष्ट्रीय पशु है बाघ हमारा,
फुर्तीला ताक़तदार है।
कोई न टिकता सामने उसके,
वह तो करता शिकार है।

राष्ट्रीय पुष्प कमल को कहते,
कीचड़ में जो खिलता है।
हँसी बिखेरे नवल धवल सी,
कितना निर्मल रहता है।

राष्ट्रीय फल है आम हमारा,
फलों का राजा होता है।
लू को भगाये दूर ये हमसे,
पना गुणकारी होता है।

राष्ट्रीय नदी है देश की गंगा,
पतित पावनी है गंगा।
निरोगी शीतल निर्मल जल से,
जन-जन को करती चंगा।

रचयिता
अशोक कुमार,
सहायक अध्यापक,
प्राथमिक विद्यालय रामपुर कल्याणगढ़
विकास खण्ड-मानिकपुर,
जनपद-चित्रकूट।

Comments

Total Pageviews