विश्व स्वास्थ्य दिवस

आओ हम सब मिलजुल कर,

 विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाएँ।

 क्या (थीम) विषय है इस दिन का,

इसको जन-जन तक पहुँचाएँ।


 आज के दिन 1948 में हुई स्थापना,

 डब्ल्यू.एच.ओ. नाम से जाना जाता।

1950 से हुई शुरूआत,

हर वर्ष एक थीम निर्धारित करता।


 मुख्यालय स्विट्जरलैंड में,

 सर्वेक्षण करता दुनिया में।

 61 देशों ने किया हस्ताक्षर तब,

 यह संविधान बना विश्व भर में।


 स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को,

 घर-घर तक पहुँचाना है।

 विश्वभर की स्वास्थ्य समस्याओं का,

 निदान ढूँढकर लाना है।


 स्वास्थ्य सहेजने की शुरुआत,

 आओ घर से करते हैं।

 सादा, स्वच्छ भोजन बने घर में,

 और प्रकृति के संग रहते हैं।


 समय से सोना, समय से जगना,

 यह सबसे जरूरी है।

 गड़बड़ होती है यदि इसमें,

 तो जिंदगी अधूरी है।


 योग, व्यायाम और ध्यान, साधना,

 दिनचर्या व्यवस्थित हो,

 स्वस्थ जीवन, आनंदित मन,

 और जिंदगी सुरक्षित हो।


 स्वास्थ्य जाँच करायें निरंतर,

 रोग-व्याधि से दूर रहें।

 जागरूकता फैले समाज में,

 आओ मिलकर प्रयास करें।


 रचयिता

बबली सेंजवाल,
प्रधानाध्यापिका,
राजकीय प्राथमिक विद्यालय गैरसैंण,
विकास खण्ड-गैरसैंण 
जनपद-चमोली,
उत्तराखण्ड।

Comments

Total Pageviews

1165134