102/2025, बाल कहानी- 15 जुलाई
बाल कहानी - सूझ बूझ
---------------------
रामदीन एक छोटे से गाँव में रहता था। वह बहुत गरीब था। वह गाँव की भेड-बकरियाँ चराने ले जाया करता था। उससे जो धन मिलता, उससे वह अपने परिवार का खर्चा चलाता था।
सब कुछ ठीक चल रहा था। रोज की तरह एक दिन रामदीन बकरियाँ चराने जंगल गया। सुबह जब उसने बकरियों की गिनती की तो बकरियाँ बीस थीं, पर लौटते समय जब वह बकरियों को गिन रहा था तो एक बकरी कम थी। उसने उस बकरी को हर जगह खोजा लेकिन वह नहीं मिली। उदास मन से वह सारी भेड़-बकरियों को लेकर गाँव वापस आ गया। उसने यह बात गाँव वालों को बतायी। गाँव वालों ने सोचा कि कोई जानवर बकरी को खा गया होगा, इसीलिए गाँव वालों ने रामदीन को माफ कर दिया। अगले दिन फिर यही हुआ। इस बार दो बकरियाँ कम निकली। अब तो गाँव वालों ने रामदीन पर चोरी का इल्जाम लगा दिया। उन्होंने कहा कि, "तुम ही बकरियों की चोरी करके बेच रहे हो और हमें मूर्ख बना रहे हो। हम तुमसे बकरी का सारा पैसा वसूल करेंगे।" रामदीन बहुत दु:खी हो गया। उसको समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करें? वह सचमुच अपने आप को दोषी समझने लगा और उसने यह कार्य न करने का फैसला किया। लेकिन बकरियों के मालिक का कर्ज कैसे चुकाए? यह सोचकर वह बहुत परेशान हो गया। रामदीन ने अपने आप को कमरे में बन्द कर लिया। रामदीन के छोटे भाई नेकराम को जब यह बात पता चली तो उसने रामदीन की जगह खुद बकरी जंगल में ले जाने का निश्चय किया।
आज वह जब बकरी चराने जंगल गया तो वह बिल्कुल चौकन्ना होकर गया। वह धीरे से झाड़ियों के पीछे बैठ गया और बकरियों पर नजर रखने लगा। करीब दो घण्टे बीत जाने के बाद उसने देखा कि एक आदमी बकरी को पकड़ कर ले जा रहा था, तभी नेकराम ने पीछे से उसे पकड़ लिया और खूब पिटाई लगायी। वह उसे पड़कर गाँव ले गया। उसने सारी घटना गाँव वालों को बतायी। गाँव वालों ने मिलकर उसकी पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। अब रामदीन पर लगा चोरी का इल्जाम हट गया और वह बहुत खुश हुआ। साथ ही साथ सभी गाँव वालों ने रामदीन से अपने किए पर क्षमा माँगी। रामदीन ने अपने भाई को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। आज उसकी सूझ-बूझ से रामदीन पर आयी मुसीबत टल गई थी।।
#संस्कार_सन्देश -
हमें संकट के समय घबराना नहीं चाहिए बल्कि सूझ-बूझ और समझदारी के साथ मुसीबत का सामना करना चाहिए।
कहानीकार-
#मृदुला_वर्मा (स०अ०)
प्रा० वि० अमरौधा प्रथम
अमरौधा (कानपुर देहात)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment