115/2025, बाल कहानी- 30 जुलाई
बाल कहानी- नेकी
--------------------
माणिकपुर गाँव में स्वरा नाम की एक लड़की रहती थी। स्वरा बहुत ही उत्साही और कल्पनाशील थी। वह दयालु और बेहद मददगार भी थी। वह दोस्तों के साथ रोज ये-नये खेल खेलती थी। एक रोज यूँ ही सभी दोस्त खेलने आये तो अचानक से स्वरा ने कहा, "चलो, आज सभी जंगल की तरफ़ खेलने चलते हैं और कुछ नया सीखते हैं।"
सभी बहुत खुश हुए और उत्साहित होकर जंगल की ओर चल पड़े। जंगल में चलते हुए कुछ ही दूरी पर अचानक उन्हें किसी के रोने की आवाज आयी। सभी ध्यान से उस आवाज का अनुसरण करते हुए चलने लगे। कुछ ही देर में उन्हें एक झोपड़ी नजर आई। रोने की आवाज वहीं से आ रही थी।
सभी वहाँ पहुँचकर थोड़ी देर तक तो असमंजस में खड़े रहे, फिर स्वरा ने सभी को उत्साहित किया और सतर्कता से झोपड़ी में प्रवेश किया। स्वरा ने देखा कि एक बूढ़ी औरत बैठी रो रही थी। स्वरा ने जाकर उनसे रोने का कारण पूछा, "दादी माँ! क्या हुआ? आप रो क्यों रहीं हैं?" बूढ़ी औरत ने आश्चर्य से उन बच्चों की तरफ देखा और कहा, "अरे तुमलोग कौन हो और यहाँ कैसे आए?"
स्वरा ने फिर पूरी बात दादी माँ से कही, "अब आप हमें बताइए कि आप रो क्यों रहीं हैं?"
तब दादी अम्मा ने कहा, "बेटा! मैं बहुत बूढ़ी हो गयी हूँ और कोई काम नहीं कर पाती। मुझे खाना देने वाला भी कोई नहीं है। भूख की तीव्रता से ही आज मैं रोने लगी।"
स्वरा और उसके दोस्त ये सब सुनकर बहुत ही दु:खी हुए। सबने आपस में विचार किया और दादी से कहा, "दादी माँ! आप थोड़ी देर रुको, हम अभी आते हैं।" यह कहकर सभी जंगल की तरफ चले गए। थोड़ी देर में जब वो वापस आये तो उनके हाथ विभिन्न प्रकार के फलों से भरे थे।
स्वरा ने सभी फल बूढ़ी औरत को दिए और कहा, "दादी माँ! फिलहाल आप इन फलों से अपनी भूख मिटाओ और फिर मेरे साथ मेरे घर चलो।"
दादी माँ फल देखकर बहुत खुश हुई। सभी को आशीर्वाद दिया और सभी के साथ मिलकर खाने लगी। फिर स्वरा उन्हें अपने साथ अपने घर ले आयी, जहाँ उनके अभिभावक ने भी उनके इस कार्य के लिए स्वरा को शाबाशी दी। अब दादी माँ और सभी बच्चे रोज शाम में आपस में बैठकर कहानी सुनते और खुशी से रहने लगे।
#संस्कार_सन्देश-
हमें अपने आस-पास के बुजुर्गों और बेसहारों की सहायता करती रहनी चाहिए। यदि हम नेक कार्य करते रहें और एक दूसरे का सहयोग करते रहें तो किसी भी समस्या को हल कर सकते हैं।
कहानीकार-
डॉ० #स्वराक्षी_स्वरा (शिक्षिका)
स्कूल- मध्य विद्यालय हाजीपुर
आवास-बोर्ड खगड़िया
प्रखंड- बेलदौर, जिला- खगड़िया
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment