67/2025, बाल कहानी- 21 अप्रैल
बाल कहानी- हादसा
-------------------
एक गाँव में एक मीरा नाम की औरत रहती थी। मीरा का पति नहीं था। एक हादसे में उसकी मौत हो गई थी। मीरा गाँव में अकेली ही रहती थी और अपना जीवन-यापन करने के लिए जंगल में जाकर लकड़ियाँ काटती और जो भी घर के काम की चीज मिलती थी, उसे बेचकर उससे अपना गुजारा करती थी।
एक दिन मीरा रोज की तरह जंगल में गयी थी। पेड़-पौधों के सूखे हुए पत्ते पूरे जंगल में बिखरे हुए थे। मीरा के कदमों से चलते हुए पत्तों से करर-करर की आवाज आ रही थी। अचानक मीरा का पैर किसी गहरी चीज में चला गया जो कि एक कुआँ था। मीरा कुएँ में गिर पड़ी। मीरा रोने लगी। कुएँ में गहरा अन्धेरा था। मीरा ने रोना बन्द किया। उसने आवाज देनी शुरू की, "अरे, कोई है, जो इस पापिन को निकाले।" उसने कई बार पुकारा।
कुछ समय बाद कुछ किसान जो खेत की तरफ जा रहे थे, उन्होंने आवाज सुनी। एक किसान ने दूसरे किसान से कहा, "लगता है कि किसी ने आवाज दी है।" दूसरे ने कहा, "जंगल में अक्सर भूत रहते हैं, वहीं रो रहे होंगे, चुपचाप यहाँ से निकल लो।"
पहले ने कहा, "नहीं भाई! चलो, एक बार देख लेते हैं।"
दोनों किसान जिस तरफ से आवाज आ रही थी, उस दिशा में चल पड़े। और वही कुएँ के पास जाकर खड़े हो गये।
एक किसान ने कहा, "कौन है इसके अन्दर?" मीरा ने कहा, "मैं वही पापिन हूँ, जो तुम्हारे गाँव में रहती हूँ।" किसान ने कहा, "दोबारा बताओ, कौन हो तुम?" तब उसने कहा," मैं मीरा हूँ! मैं इसमें गिर पड़ी, मुझे निकाल लो!" किसान ने कहा, "रुको, हम व्यवस्था करते हैं।" एक किसान ने जाकर एक रस्सी की व्यवस्था की।
एक ने ऊपर रस्सी को पकड़ा और दूसरा रस्सी के सहारे नीचे कुएँ में उतरा और उस महिला को रस्सी में बाँधकर ऊपर लेकर आया। किसी प्रकार मीरा की जान बच गई। दोनों किसान कहने लगे, "देखा भाई! अगर हमने भूत समझा होता तो वह मीरा कुएँ के अन्दर मर जाती और कोई इसके पास नहीं आता। भूत कुछ नहीं होता है, अक्सर इस तरीके की बातों में कुछ न कुछ रहस्य छुपा होता है तो हमें सदैव उसकी गहराई में जाकर जाँच करके देखना चाहिए।" फिर दोनों ने मिलकर मीरा को साथ लिया। मीरा ने दोनों को 'धन्यवाद' कहा और उसके घर पर छोड़ने के लिए चल पड़े।
#संस्कार_सन्देश -
जंगल में अक्सर लोग फँस जाते हैं या किसी हादसे का शिकार हो जाते हैं। भूत के चक्कर में हमें डरना नहीं चाहिए।
कहानीकार-
#शालिनी (स०अ०)
प्राथमिक विद्यालय रजवाना
सुल्तानगंज, मैंनपुरी (उ०प्र०)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment