४९०~ अभिनेन्द्र प्रताप सिंह प्रा० वि० शाहपुर टिकरी, ब्लॉक -मंझनपुर, जनपद - कौशाम्बी, राज्य - उ.प्र.

         🏅अनमोल रत्न🏅


मित्रों आज हम आपका परिचय मिशन शिक्षण संवाद के माध्यम से जनपद- कौशाम्बी से अनमोल रत्न शिक्षक सहयोगी भाई अभिनेन्द्र प्रताप सिंह जी से करा रहे हैं जिन्होंने अपनी सकारात्मक सोच और व्यवहार कुशलता से अपने विद्यालय को विविध शिक्षण गतिविधियों और उपलब्धियों का केन्द्र बना दिया, जिससे बेसिक शिक्षा की महत्वपूर्ण समस्याओं में से एक नामांकन एवं उपस्थिति दोनों पर सफलता प्राप्त की है जो हम सभी के लिए प्रेरक एवं अनुकरणीय प्रयास हैं। 


आइये देखते हैं आपके द्वारा किए गये कुछ प्रेरक और अनुकरणीय प्रयासों को :-
https://m.facebook.com/story.php?story_fbid=2760262714251308&id=1598220847122173

👉1..शिक्षक का परिचय :-
अभिनेन्द्र प्रताप सिंह
प्रा० वि० शाहपुर टिकरी, ब्लॉक -मंझनपुर, जनपद - कौशाम्बी,
राज्य - उ.प्र.
प्रथम नियुक्ति : 30/08/2016
वर्तमान विद्यालय में नियुक्त : 30/08/2016

👉2- विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने के प्रयास :
प्रत्येक शिक्षक यह चाहता है कि उसका विद्यालय समाज में आदर्श स्थापित करे। कुछ इसी तरह के सपने मेरे भी थे, वर्ष 2016 में जब नियुक्ति हुई तो एक सुंदर से विद्यालय का सपना देखा था, किंतु ये क्या विद्यालय के दहलीज़ पर कदम रखते ही रात में देखा हुआ सपना चकनाचूर हो गया। सपना तो फिर सपना ही होता है उस सपने को इरादे में तब्दील कर आगे कार्य करने की ठान ली। विद्यालय प्रांगण में चाहरदीवारी नहीं थी, ग्रमीणों का अतिक्रमण विद्यालय के हैण्डपम्प व विद्यालय की छत तक था। ख़ैर समस्याएं बहुत सी थीं किंतु हमें तो इन सबसे पार पाना था। इसी वर्ष सितम्बर माह में अंतर्जनपदीय स्थानान्तरन के तहत विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामबदन सर की नियुक्ति हुई। सर के आगमन से मेरे सपने सच होने का एहसास होने लगा। सभी शिक्षकों की आपसी सहमति, समर्थन व सहयोग की भावना से विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने के उत्तम प्रयास किये गए।बच्चों को साफ सफ़ाई, शिक्षा, कला, क्राफ्ट, योग व विभिन्न गतिविधियों के माध्यम प्रेरित कर अच्छे विद्यार्थी बनाने का प्रयास किया गया। विद्यालय व बच्चों के कार्यों को देखकर धीरे-धीरे अभिभावकों, ग्रामीणों, प्रशासन एवं ग्राम प्रधान का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। विद्यालय में माह जून जुलाई 2017 में मिट्टी भराई, चाहरदीवारी निर्माण, पौधारोपण आदि कार्य हुए। जिससे विद्यालय स्वच्छ एवं हरा-भरा हुआ। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव से पूर्व विद्यालय में इंटरलॉकिंग हुई एवं समर्सिबल पम्म लगवाया गया। जिससे पेयजल एवं पौधों की सिंचाई और सुगम हुई। इस तरह से सभी शिक्षकों, ग्रामीणों, ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन के सहयोग से विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने के प्रयास किए गए एवं और भी सकारात्मक प्रयास ज़ारी हैं।




👉3- किए गये प्रयासों का परिणाम :
विद्यालय में किये गए सकारात्मक प्रयासों से पहले नामांकन संख्या
85 थी और प्रयास के बाद नामांकन स्थिति में संतोषजनक प्रगति हुई और वर्तमान नामांकन 133 तक पहुँचा। सबसे अच्छी बात बच्चों की उपस्थिति का प्रतिशत 80 से अधिक रहता है। सबसे अच्छा ये रहा कि अन्य प्राइवेट स्कूल से बच्चों ने नाम कटवाकर प्रवेश लिया।

👉4- विद्यार्थियों की
उपलब्धियाँ:- लगातार मेहनत व परिश्रम का परिणाम विद्यार्थियों में स्पष्ट झलकने लगा। विभिन्न अवसरों पर सांस्कृतिक व शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बच्चों ने विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्याज्ञान की प्रारंभिक परीक्षा एक बच्ची ने उत्तीर्ण किया, ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अवसर पर दौड़ में दो बच्चों ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक गतिविधियों में बच्चे पुरस्कृत किये गए। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त उत्तर प्रदेश ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बच्चों द्वारा विद्यालय प्रांगण में किए गए प्रयास को अपनी फेसबुक वॉल पर शेयर करके सराहा। विभिन्न समाचार पत्रों ने बच्चों के कार्यक्रमों को ख़बर बनाकर प्रोत्साहित किया।















👉5 - विद्यालय की प्रेरक शिक्षण, सांस्कृतिक व खेलकूद गतिविधियां:-
विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रतिदिन सुविचार, प्रेरक कहानियां, सामान्य ज्ञान के प्रश्न, योग आदि से बच्चों के दिन की शुरुआत होती है। बच्चों की उपस्थिति कक्षा में न होकर प्रार्थना सभा में ही होती है जिसका परिणाम यह होता है कि प्रत्येक बच्चा समय से विद्यालय में उपस्थित होता है। नियमित उपस्थिति के लिए स्टार ऑफ द मन्थ, स्वच्छता पुरस्कार आदि गतिविधियां के द्वारा प्रोत्साहित किया जाता है।

👉6 - शिक्षकों और विद्यालय की उपलब्धियां:-
विद्यालय में किए जा रहे प्रयासों के कारण ही विद्यालय को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रथम बार में ही अंग्रेजी माध्यम शिक्षण हेतु चयनित किया गया। पर्यावरण संचेतना अभियान रेड टेप मूवमेन्ट में सक्रिय सहभागिता हेतु विद्यालय को लगातार वर्ष 2018, 2019 में प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुआ। विद्यालय में किए जा रहे शैक्षिक प्रयासों के लिए मुझे उत्कृष्ट शिक्षक का प्रशस्ति पत्र जिलाधिकारी महोदय द्वारा वर्ष 2018 में उदयन सभागार में प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुआ। वर्ष 2019 में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामबदन जी को जनपद कौशाम्बी के तत्कालीन प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में समानित किया गया। वर्ष 2020 में पुनः मुझे शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार की प्रदर्शनी में जिलाधिकारी महोदय द्वारा मेरे टी एल एम को सराहा गया एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी वर्ष मिशन शिक्षण संवाद के मंच पर पुनः जिलाधिकारी महोदय कौशाम्बी के कर कमलों द्वारा सम्मान पत्र प्राप्त कर गौरवान्वित होने का अवसर मिला। इन सब पुरस्कारों से बढ़कर बच्चों व अभिभावकों का सहयोग, समर्थन व स्नेह हम सभी शिक्षको के लिए उत्तम प्रयास करने को सदैव प्रेरित करता है।











👉7 - मिशन शिक्षण संवाद के लिए संदेश:
मिशन शिक्षण संवाद में वर्ष 2017 से जुड़ा हूँ। सच कहूँ तो मिशन एक ऐसा मंच है जो शिक्षक के अंदर संजीवनी की तरह कार्य करके उनके कार्यों को देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षक व समाज के पटल पर रखकर उनको सम्मानित करने का कार्य करता है। मिशन से जुड़ना मेरे लिए सुखद व ऊर्जा प्रदान करने वाला अनुभव है। यदि मिशन के एक एक सदस्य को अनमोल रत्न कहा जाय तो अतिशयोक्ति नहीं होगा क्योंकि यहाँ आज से जुड़ने वाला शिक्षक भी अच्छे प्रयासों को करने के लिए प्रेरित होकर कार्य करने लगता है। मिशन, मिशन के जनक विमल सर एवं मिशन की राज्य, जनपद में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहीं टीम की जितनी सराहना की जाए कम होगी।

👉8 - शिक्षक समाज के लिए संदेश:-
शिक्षक समाज के लिए दर्पण की तरह कार्य करता है इसलिए शिक्षक के विम्ब का आदर्शवादी होना अनिवार्य हो जाता है। शिक्षक यदि मन में निश्चय कर ले तो कुछ भी असम्भव नही है। एक शिक्षक होने के नाते बच्चों को संस्कारित व शिक्षित करना हम सबका प्रथम कर्तव्य है जिससे हमें कभी विमुख नही होना है। विभिन्न समस्याओं के लिए भी यदि सार्थक प्रयास किये जाए तो उनसे भी निजात पाया जा सकता है। इसलिए शिक्षक समाज के लिए बस यही कहना चाहूँगा कि अच्छा करने के लिए बस एक अच्छी सोंच की ज़रूरत है, कामयाबी स्वयं आकर आपके कदमों पर होगी।

संकलन : दीप नारायण मिश्र
टीम मिशन शिक्षण संवाद
19-09-2020

नोट : मिशन शिक्षण संवाद में सहयोग और सुझाव के लिए वाट्सअप नम्बर - 9458278429 पर लिखें ✍🏽🙏

Comments

Total Pageviews