187/2025, बाल कहानी- 10 नवम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 187/2025
10 नवम्बर 2025 (सोमवार)
#बाल_कहानी - #लालच_बुरी_बला_है
-------------------

एक बार चार चोर एक घर में घुस गए। वहाँ पर एक बुढ़िया बरोसी में खीर पका रही थी और थकी हुई होने के कारण खीर पकते-पकते ही उसकी आँख लग गई।
जब चोर घर में घुसे तो उसका एक हाथ चारपाई से बाहर निकला हुआ था ।
सभी चोरों ने घर के दूसरे कमरे से जहाँ सब मालमत्ता रखा था उठाया और चल दिए।
इधर खीर की खुशबू से उनकी भूख जागृत हो उठी तो उन्होंने सोचा कि काम तो हो ही चुका है, थोड़ी खीर खा ही लेते हैं, बुढ़िया तो वैसे भी सो रही है। उन्होंने खीर परोसी और खाने लगे।
एक चोर को बुढ़िया पर तरस आ गया। यह सोचकर कि वह माई हाथ फैलाकर उनसे खीर माँग रही है। उसने जल्दी से चम्मच से खीर उसके हाथ पर रख दी।
गर्म खीर हाथ पर रखते ही बुढ़िया चीख उठी, "बचाओ...बचाओ.. अरे कोई बचाओ....।"
आवाज सुनकर ग्रामीण इकठ्ठा हो गए और चोर जल्दी से जिसे जहाँ जगह मिली, वहाँ छुप गए। कोई किसी कोने में छिपा, कोई चारपाई के नीचे और एक तो सुरक्षित स्थान ढूँढ टाँड पर ही चढ़ गया।
जब गाँव वालों ने पूछा कि, "माई! क्या हुआ, क्यों चिल्ला रही हो?" तो वह भोलेपन से बोली, "ऊपर वाला ही जाने भैया! ये क्या हुआ है?"
ऊपर वाला घबरा गया कि अरे इसने तो मुझे अकेले ही फँसा दिया और बोला कि, "ऊपर वाला क्यों जाने, वह कोने में छुपा है वह ही जाने, उसने ही किया है यह सब।"
अब तो गाँव वालों को माजरा समझ आ गया और चारों चोर माल सहित पकड़े गए और तबियत से कूटे गए।

#संस्कार_सन्देश-
लालच बुरी बला है, काम के वक्त पूरा ध्यान काम पर होना चाहिये।

कहानीकार- 
#पूनम_सारस्वत 'प्रज्ञा' (स०अ) एकीकृत विद्यालय रुपानगला, खैर, अलीगढ़ (उ०प्र०)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews