01/2024- बाल कहानी, 16 जनवरी 2024
हेल्मेट
रविवार का दिन था। रोहन घर पर ही पिताजी की सहायता से होमवर्क कर रहा था। रविवार को रोहन के पिता भी अपने काम से छुट्टी पाकर घर पर ही रहते थे, इसलिए रोहन होमवर्क करने के लिए पिता जी की सहायता लेता था। बाकी दिन माँ ही रोहन को होमवर्क कराने में मदद करती थी। होमवर्क करते समय रोहन को ध्यान आया कि उसकी हिन्दी की कॉपी भर गयी है। ये बात उसने पिता जी को बतायी।
पिता जी ने कहा-, "बेटा! आज मेरे पास वक़्त है। तुम होमवर्क करो, मैं घर का राशन और तुम्हारी कॉपी लेने बाज़ार जा रहा हूँ।"
ये कह कर पिता जी ने घर से अपनी बाइक बाहर निकाली और एक बड़ा झोला लेकर बाइक स्टार्ट करने लगे। तभी रोहन ने देखा कि पिता जी बिना हेल्मेट के ही जा रहे है। रोहन ने तुरन्त हेल्मेट लेकर पिता जी को आवाज लगायी और पिताजी ने रूककर पूछा-, "क्या हुआ बेटा? और कुछ चाहिए क्या? बताओ ले आऊँगा!"
"नहीं पिता! जी और कुछ नहीं चाहिए। आप ये अपना हेल्मेट भूल गये है। ये लीजिये, इसे पहन लीजिए।"
"नहीं बेटा! मैं भूला नही हूँ बेटा! पास ही तो बाज़ार है। बस! यूँ गया और यूँ आया। जब दूर जाऊँगा, तब लगा लूँगा। इसे घर पर ही रख दो।"
"पिताजी! आप ये गलत कर रहे है। यातायात के नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। विद्यालय में गुरुजी ने हमें बताया है कि यातायात के नियमों का पालन करने से बहुत लाभ है। हम सब को इसके लिए जागरुक होना चाहिये । यातायात के नियमों का पालन करना हम सब का कर्तव्य है।"
रोहन के पिता को रोहन की बात समझ आ गयी। तुरन्त हेल्मेट लेकर पहन लिया और बाज़ार चले गये।
कुछ देर बाद बाज़ार से आने के बाद रोहन के लिये चॉकलेट और कॉपी लाये ।
रोहन को चॉकलेट, कॉपी देते हुए पिता जी बोले-, "बेटा! आज तूने मुझे चालान से बचा लिया। आज गहन जाँच चल रही थी। मेरे दोस्त गुप्ताजी का आज चालान कट गया। अगर हेल्मेट न देता तू, तो मैं भी मुसीबत में फँस जाता, इसलिए बेटा ये बहुत सी चॉकलेट तुम्हारे लिए।"
रोहन कॉपी और चॉकलेट पाकर बहुत खुश हुआ। रोहन ने पिता जी से वादा लिया कि वो यातायात के नियमों का पालन हमेशा करेंगे और लोगों को भी इसके लिए जागरुक करेंगे।
संस्कार सन्देश-
कोई भी वाहन चलाते समय, कहीं भी जाते समय हमें हमेशा अपनी सुरक्षा के लिए हेल्मेट का प्रयोग करना चाहिए।
✍️👩🏫लेखिका-
शमा परवीन
बहराइच (उत्तर प्रदेश)
✏️संकलन
📝टीम मिशन शिक्षण संवाद (नैतिक प्रभात)
Comments
Post a Comment