चेहल्लुम

 चेहल्लुम    (अंग्रेज़ी:-Chehelom) एक मुस्लिम पर्व है जिसे मुहर्रम के ताज़िया दफ़नाए जाने के चालीसवें दिन मनाया जाता है। चेहल्लुम वस्तुत: इज़ादारी असत्य पर सत्य की जीत के रूप में भी मनाया जाता है। वास्तव में चेहल्लुम हज़रत हुसैन की शहादत का चालीसवााँ होता है। इस दिन न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व में चेहल्लुम का आयोजन किया जाता है। वैसे सफ़ेद ताज़िया इसलिए भी निकाला जाता है कि हज़रत इमाम मेंहदी के पिता हज़रत इमाम अस्करी की भी शहादत हुई थी। वास्तव में इसका रिश्ता तो ‘मरग-ए-यज़ीद’ से है। सुप्रसिद्ध उर्दू कवि व स्वतंत्रता सेनानी मौलाना मुहम्मद अली ने कहा है कि-
"कत्ल-ए-हुसैन अस्ल में मरग-ए-यज़ीद है।
इस्लाम ज़िंदा होता है हर करबला के बाद"॥

उद्देश्य:-
इसका आयोजन निस्संदेह इस्लाम धर्म के लिए हज़रत मुहम्मद के निवासे इमाम हुसैन की सेवाओं और उनके बलिदानों को स्वीकार करना है। इमाम हुसैन का व्यक्तित्व हमेशा से बलिदान का आदर्श रहा है। उससे बड़ा बलिदान इस नश्वर संसार में विरले ही मिलेगा। इमाम हुसैन का युग इस्लामी इतिहास में ऐसा युग था, जिसमें इस्लाम के विरुद्ध ऐसी शक्तियाँ उठ खड़ी हुई थीं, जो सीधे-साधे मुसलमानों को अपना निशाना बनाती थीं। ऐसे में हज़रत हुसैन ने इस्लाम की खोई हुई गरिमा को वापिस लाने और उसे सुदृढ़ करने का भरसक प्रयास किया, यहाँ तक कि इस पथ पर चलते हुए उन्होंने अपने जान की भी परवाह नहीं की।

लेखक
मोहम्मद अहमद अंसारी, 
सहायक अध्यापक, 
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बीरोंखाल 
जनपद-पौड़ी गढ़वाल,
उत्तराखण्ड।

Comments

Total Pageviews