77/2026, बाल कहानी- 28 अप्रैल

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 77/2026
*28 अप्रैल 2026 (मंगलवार)*
#बाल_कहानी - #सहयोग_और_पुरस्कार
----------------------

एक जंगल में एक बहुत बूढ़ा शेर और हाथी रहता था। दोनों बहुत अच्छे मित्र थे। हाथी सदा शेर के साथ रहता था। वे दोनों सदा एक-दूसरे की समय-समय पर सहायता करते थे। शेर जंगल का राजा था लेकिन अब वह बूढ़ा हो चला था। उसे कोई योग्य उत्तराधिकारी नहीं मिल रहा था।
एक बार शेर और हाथी एक जंगल से गुजर रहे थे। जंगल के पार एक झरने के समीप वे दोनों विश्राम करने लगे। उसी समय उन्हें दूर से आता हुआ कोलाहल सुनायी दिया। इससे पहले वे कुछ समझ पाते, तभी अचानक कुछ दूर प्रदेश के भयानक जंगली जानवरों ने उन दोनों पर आक्रमण कर दिया। शेर और हाथी बहुत देर तक लड़ते रहे। वे जानते थे कि बूढ़े होने के कारण वे अधिक देर तक नहीं टिक सकते। फिर भी वे जब तक शरीर में सामर्थ्य रही, लड़ते रहे। जब वे दोनों घायल होने लगे, तभी एक सिंह उन्हें दुश्मनों पर टूटता हुआ दिखाई दिया। फिर क्या था? वे दोनों भी लड़ने लगे। थोड़ी ही देर में जंगली जानवर अपनी-अपनी जान बचाकर भाग गये। शेर और हाथी ने उस सिंह को 'धन्यवाद' दिया और कहा कि, "आज तुम्हारे सहयोग से हम लोगों की जान बच गई किन्तु तुम यहाँ अचानक कहाँ से आये, मैं तुम्हें नहीं जानता?"
उनकी बात सुनकर वह नया सिंह बोला, "मैं बहुत दिनों से यहाँ विचरण करता हुआ यहीं पास ही एक गुफा में रहता हूँ और जंगली जानवरों का शिकार करके अपनी भूख मिटाता हूँ। मैं बचपन में ही अपने परिवार से बिछुड़ गया था। मुझे ये भी पता नहीं कि मैं कौन हूँ और कहाँ से आया हूँ?"
शेर बोला, "तुम्हें ईश्वर ने मेरे लिए ही भेजा है। बहुत दिनों से मैं किसी योग्य उत्तराधिकारी की खोज में था, संयोगवश तुम मिल गये। मुझे अपना उत्तराधिकारी मिल गया। आज से इस जंगल के तुम्हीं राजा होगे। मैं इसकी घोषणा कल समस्त जानवरों के समक्ष करुँगा।"
तभी हाथी बोला, "आज जंगली जानवरों से तुमने मेरी जान बचायी, इसका बदला हम दोनों कभी नहीं चुका सकते। तुम प्रेमपूर्वक हम लोगों के साथ राजा बनकर रहो।" शेर और हाथी की बात सुनकर वह नया सिंह उन दोनों के समक्ष नतमस्तक हो गया।

#संस्कार_सन्देश -
हमें हमेशा असहाय प्राणियों का सहयोग करना चाहिए, बदले में ईश्वर हमें बहुत कुछ दे देता है।

कहानीकार-
#जुगल_किशोर_त्रिपाठी (शि०मि०)
प्रा० वि० बम्हौरी (कम्पोजिट)
मऊरानीपुर, झाँसी (उ०प्र०)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews