62/2026, बाल कहानी - 10 अप्रैल

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 62/2026
*10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार)*
#बाल_कहानी - #मेरी_मित्र_किताबें
-----------------------

मुनिया आज बहुत उदास थी। वह बार-बार अपना बस्ता खोलती और किताबें देखती, फिर बस्ता में रख देती। उसके मन में कुछ उलझन चल रही थी। माँ ने खाना खाने के लिए बुलाया तो उसने मना कर दिया। बस! वह तो बस्ता से अपनी किताबें निकालती, उनके चित्रों को ध्यान से देखती, प्यार से उन पर हाथ फेरती और फिर बस्ता में रख देती। फिर और उदास हो जाती।
शाम को पापा आये तो उन्होंने भी उसके उदास रहने का कारण पूछा, पर उसने कुछ नहीं बताया।
रात में भी जब मुनिया ने खाना खाने से मना कर दिया तो दादी उसके पास आयी और प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरा और पूछा, "क्या हुआ मेरी गुड़िया रानी को..? 
मुनिया ने कहा, "दादी! मैडम कहती है कि किताबें सच्ची मित्र होती हैं। होती हैं क्या किताबें सच्ची मित्र?"
"हाँ, होती हैं न.. सही तो कहा मैडम ने " दादी ने कहा,
"तो किताबें भी मेरी मित्र हुई न..?"
हाँ! बिल्कुल इन किताबों से तुमने साल-भर पढ़ा है और बहुत कुछ सीखा भी है।"
"तो फिर माँ क्यों कह रहीं हैं कि इन किताबों को कल कबाड़ी को दे देना? क्या कोई अपने मित्र को भी बेचता है?"
"अच्छा, यह बात है! ... हमारी मुनिया अपनी किताबें नहीं बेचना चाहती माँ इसलिए कहती है कि अब तुम कक्षा दो में आ गई हो इसलिए अब ये किताबें तुम्हारे काम की नहीं रही"
"पर मुझे तो यह किताबें बहुत अच्छी लगती हैं। इनमें कितने अच्छे चित्र हैं। बन्दर, भालू, चिड़िया और फूल-पौधों की अच्छी-अच्छी कविताएँ और कहानियाँ हैं। मैं इन्हें नहीं बेच सकती..!"
"अच्छा तो एक काम करते हैं जो तुम्हें अच्छी लगती हैं, वह पुस्तकें तुम रख लेना और बाकी अपने माली काका की बिटिया को दे देना। वह तुम्हारी किताबों से पढ़ लेगी। इस तरह तुम्हारी मित्र किताबें तुम्हारे पास ही रहेंगी...और फिर हमारी मुनिया को अगली कक्षा की किताबें भी तो मिल जाएँगी नये मित्रों के रूप में..।"
अब मुनिया बहुत खुश थी। दादी ने उसकी समस्या जो हल कर दी थी।

#संस्कार_सन्देश -
हमें अपने बच्चों की पुरानी किताबें रद्दी के भाव नहीं बेचनी चाहिए, बल्कि जरूरतमन्द और गरीब बच्चों को दे देनी चाहिए।

कहानीकार-
#जमीला_खातून (से०नि० प्र०अ०)
प्रा० पा० गढ़धुरिया गंज 
नगर क्षेत्र- मऊरानीपुर 
ब्लॉक- मऊरानीपुर 
जिला- झाँसी (उ०प्र०)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews