70/2026, बाल कहानी- 20 अप्रैल
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 70/2026
*20 अप्रैल 2026 (सोमवार)*
#बाल_कहानी - #कोई_कजरी_प्यासी_न_रहे
---------------------
गर्मियों की छुट्टियाँ हो गई थी। सभी बच्चे अपने मित्रों के साथ खेलने-कूदने में मस्त थे। एक दिन राजू, रिंकू और गौरव अपने मित्रों के साथ नल के पाइप से नहा रहे थे और एक-दूसरे पर पानी की बौछार करके खेल रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि उनका मित्र मंगल एक और गुमसुम-सा बैठा हुआ है। सभी बच्चों ने उसे नहाने और खेलने के लिए कहा, पर वह नहीं आया। तो सभी बच्चों ने उसके उदास रहने का कारण पूछा तो उसकी आँखों में आँसू आ गये। उसने बताया कि गाँव में उसके दादाजी रहते हैं। उनके पास एक कजरी गाय थी और उसका प्यारा-सा बछड़ा था गोलू। हाँ..हम उसे प्यार से गोलू ही कहते थे। जब मैं छुट्टियों में घर जाता था तो गोलू के साथ खूब खेलता था। उसको चारा खिलाता था। जब वह बाड़े में कुलाचें भरता था तो मैं उसके आगे-पीछे दौड़ता था। उसके साथ पता ही नहीं चलता था कि छुट्टियाँ कब खत्म हो गईं। पर इस साल सूखा के कारण गाँव में पानी की भारी कमी हो गई है।बेचारे बूढ़े दादाजी पानी के लिए परेशान हो गए थे अपने लिए ही पानी नहीं जुटा पा रहे थे तो गाय और बछड़े के लिए पानी कहाँ से लाते। बस! पानी की कमी से गाय बीमार हो गई और मर गई। कुछ दिनों बाद उसका बछड़ा गोलू इस दुनिया से चला गया। मुझे अब उनकी बहुत याद आती है।" यह कहकर मंगल रो पड़ा।सारे बच्चे यह सुनकर अवाक् रह गए..अब उनको अपनी गलती का एहसास हुआ। उनकी समझ में आ गया कि जिस पानी की कमी के कारण उसके मित्र मंगल की प्यारी कजरी गाय और उसका गोलू उससे बिछड़ गये हैं, उसी पानी को हम बर्बाद कर रहे हैं।
अब सबने मंगल के आँसू पोंछे और कहा कि, "तुम्हारी कजरी और गोलू को तो हम वापस नहीं ला सकते, पर दूसरी कजरी और गोलू को तो बचा सकते हैं। चलो! हम सब अपने घरों के सामने पशुओं के पीने के लिए पानी रखें और छत पर चिड़ियों के लिए दाना और पानी रखें ताकि कोई पशु-पक्षी पानी के अभाव में काल का ग्रास न बने।" यह सुनकर मंगल खुश हो गया और निकल पड़ा सभी बच्चों के साथ पशु -पक्षियों की प्यास बुझाने....!
#संस्कार_सन्देश -
पानी की हो रही भारी कमी को पूरा करने के लिए हमें पानी को बचाना चाहिए और पशु-पक्षियों के लिए भी पीने को पानी रखना चाहिए, जिससे जीवित रह सकें।
कहानीकार -
#जमीला_खातून (से०नि०अ०)
प्रा० पाठ० गड़धुरिया गंज
मऊरानीपुर, झाँसी (उ०प्र०)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment