224/2025, बाल कहानी- 27 दिसम्बर
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 224/2025
27 दिसम्बर 2025 (शनिवार)
#बाल_कहानी - #आत्मविश्वास_का_बल
----------------------
आदि आज बहुत दु:खी था।
अभी वह पिता की असमय मृत्यु के गम से बाहर भी न निकला था कि यह सूचना उस पर तुषारापात की तरह गिरी थी।
उसे यह खुसुर-पुसुर तो पिता की मृत्यु के अगले दिन ही सुनाई पड़ी थी कि पिता की जगह जो भी नौकरी मिले, वही इसे करा देना। उसके स्वयं के मामा ही यह सलाह उसकी माँ को दे रहे थे। आखिर घर-खर्च का कोई और जरिया भी तो नहीं था।
पर उसे लगा था कि इस प्रक्रिया में समय लगेगा और तब तक वह अपनी परीक्षा दे चुका होगा। लेकिन इतनी जल्दी मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिल जाएगी, यह उसकी कल्पना से परे था।
उसके सभी सपने, सभी महत्वाकांक्षाएँ जैसे कपूर की तरह उड़ने को तैयार थीं।
वह बहुत रोया। माँ और मामा से बहुत मना किया लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पिता की जगह मिल रही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की यह नौकरी भी उन्हें एक बड़ा आसरा लग रही थी।
छोटे भाई-बहन का वास्ता देकर आदि को मजबूर कर दिया गया कि वह इस नौकरी को ज्वाइन कर ले। बड़े दुःखी मन से उसने नौकरी ज्वाइन की, लेकिन मन ही मन वह बेहद उद्विग्न था।
उसने मन ही मन ठान लिया कि ईश्वर को यही मन्जूर है तो यही सही, लेकिन मैं भी अपने प्रयास जारी रखूँगा और अपने सपने को पूरा अवश्य ही करूँगा।
वह नई ऊर्जा के साथ एस० एस० सी० की तैयारी में जुट गया। शाम तक बेमन से ड्यूटी करता और वहाँ से सीधे लाइब्रेरी जाकर अपनी आगामी परीक्षा की तैयारी में जुट जाता। धीरे-धीरे कर के वह दिन भी आ गया, जब उसे परीक्षा में शामिल होना था। वह माँ का आशीर्वाद लेकर परीक्षा देने गया और मेहनत लगन के बल पर प्रथम प्रयास में ही सलेक्ट हो गया। अपने आत्मविश्वास और तैयारी के बल पर वह इंटरव्यू में भी सलेक्ट हो गया।
आज वह आयकर निरीक्षक के पद पर बैठा यही सोच रहा था कि यदि उसने हार मान ली होती तो ताउम्र चपरासी ही बना रहता और कभी भी अपने परिवार को समाज में वह स्थान न दिला पाता, जिसके कि उसने बचपन से ही सपने देखे थे। आज वह अपनी माँ और भाई बहन के साथ बहुत खुशहाल जीवन जी रहा था।
#संस्कार_सन्देश -
विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को नहीं भूलना चाहिए। मेहनत और लगन के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कहानीकार-
पूनम सारस्वत 'प्रज्ञा' (स०अ०) एकीकृत विद्यालय रुपानगला, खैर, अलीगढ़ (उ०प्र०)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment