216/2025, बाल कहानी - 16 दिसम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 
216/2025
*16 दिसम्बर 2025 (मंगलवार)*
#बाल_कहानी - #बुद्धि_बल
------------------------

रामू एक किसान था। वह पशुपालन भी करता था। उसके पास दो भैंस और दो गाय भी थी, जिनका दूध बेचकर वह अपने घर का खर्च चलाता था। रामू के दो बेटे थे दोनों ही अकल से बिल्कुल कुन्द थे। रामू उनके भविष्य को लेकर हमेशा चिन्तित रहता था। वे पढ़े-लिखे भी नहीं थे।
एक बार की बात है, रामू को किसी कार्य के लिए घर से बाहर जाना था। अब घर की जिम्मेदारी अपने बच्चों पर कैसे छोड़ सकता था।
इस वजह से वह बहुत परेशान था। लेकिन उसकी पत्नी ने उसे समझाया कि, "आप बाहर जाइए, आपका काम वह देख लेगी।" पत्नी के समझाने पर रामू जानवरों को बाहर बाँधकर चला गया और उसने सारा काम अपनी पत्नी को समझा दिया। पत्नी ने भी अपने पति के बताए अनुसार सारा काम किया। सुबह से शाम हो गई।
अब जानवरों को अन्दर बाँधना था, लेकिन उसके पास समय नहीं था। उसे भोजन भी बनाना था। उसने अपने बच्चों से कहा कि, "जाओ और जानवरों को अन्दर बाँध दो।" इतना कहकर वह अन्दर भोजन बनाने चली गयी।
दोनों बेटे भैंस को अन्दर ले जाने के लिए खींचने लगे, लेकिन भैंस अपनी जगह से टस से मस न हुई। ऐसा करते हुए उन्हें एक घण्टा हो गया। उन दोनों को यह काम मानो दुनिया का सबसे कठिन काम लगने लगा। तब तक रामू भी वहाँ आ गया।
रामू ने देखा और उसने तुरन्त टोकरी में थोड़ा-सा चारा रखा और भैंस को चारा दिखाते हुए कमरे तक ले गया। भैंस भी तुरन्त उसके पीछे-पीछे चली गई। 
दोनों लड़कों को जो काम असम्भव सा लग रहा था पिताजी ने उसे तुरन्त ही कर दिया। रामू ने अपने बेटे को समझाया कि, "बेटा! जहाँ बुद्धि के प्रयोग से कार्य को आसानी से किया जा सके, वहाँ ताकत की आवश्यकता नहीं होती। बुद्धि का बल श्रेष्ठ बल होता है।"
अब दोनों बेटों को भी समझ में आ गया था कि बुद्धि के प्रयोग से किसी भी कार्य को आसानी से कर सकते हैं।
उन्होंने अपने पिता से वादा किया कि, "आगे से कभी भी इस प्रकार के मूर्खतापूर्ण कार्य नहीं करेंगे।" यह सुनकर रामू बहुत खुश हुआ।

#संस्कार_सन्देश - 
हमें कार्य को करने के लिए अपनी समझ का प्रयोग करना चाहिए, इससे हम कठिन से कठिन कार्य को आसानी से कर सकते हैं।

बाल कहानी की सभी वीडियो देखने हेतु यूट्यूब प्लेलिस्ट को क्लिक करें 👇


कहानीकार-
#मृदुला_वर्मा (स०अ०)
प्रा० वि० अमरौधा प्रथम
अमरौधा (कानपुर देहात)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews