221/2025, बाल कहानी- 22 दिसम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 221/2025
*22 दिसम्बर 2025 (सोमवार)*
#बाल_कहानी - #मोबाइल_की_उपयोगिता
-----------------------

एक बहुत ही सुन्दर और आकर्षक झरना छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक पहाड़ी पर स्थित है। उसे देखने के लिए दूसरे प्रदेश से रोहित, कमल और निलेश आए थे। झरने की झर-झर की आवाज ने तीनों को मन्त्र-मुग्ध कर दिया। तीनों लोगों ने झरने में स्नान किया और वहीं पर भोजन पकाकर भोजन किया। फिर तीनों लोगों ने आपस में पहाड़ी पर चढ़कर नीचे का नजारा कैमरे में खींचने की बात कही और पहाड़ी पर चढ़ने लगे। पहाड़ी के ऊपर चढ़ने पर नीचे का नजारा बहुत ही सुन्दर दिख रहा था। तीनों कैमरे निकालकर फोटो खींचने लगे और धीरे-धीरे पहाड़ी के ऊपर चढ़ते जा रहे थे। पहाड़ी के बहुत ऊपर चढ़ जाने पर उनको नीचे का नजारा और भी बहुत सुन्दर दिख रहा था। तीनों ने खूब फोटो खींचे। 
अब शाम होने को आ रही थी। तीनों अब वापस आने लगे। वे धीरे-धीरे नीचे उतर रहे थे। जब नीचे पहुँचे तो वे लोग कहीं और पहुँच गए थे। रोहित के पिताजी ने रोहित को कहा था कि कहीं भटक जाएँ तो फोन करना। रोहित ने मोबाइल निकाला और फोन करने लगा, पर मोबाइल पर एक भी सिग्नल नहीं दिख रहा था। वे लोग बहुत परेशान हो गए। भयानक जंगल और सुनसान रास्ते पर चलते-चलते वे एक गाँव में पहुँच गए। वहाँ भी सिग्नल नहीं था। बार-बार फोन कर रहे थे लेकिन इन तीनों के मोबाइल पर सिग्नल नहीं होने के कारण फोन नहीं लग रहा था। तीनों दूसरी जगह पर पहुँच गए थे और परेशान हो रहे थे। उन्होंने गाँव वालों से मुख्य सड़क की दूरी पूछी और मुख्य सड़क की ओर निकल गये। जब वे मुख्य सड़क पर पहुँचे तो वहाँ मोबाइल पर सिग्नल दिखाई दिया। रोहित ने अपने पिताजी को फोन लगाया, तब फोन लग गया। जैसे ही उसके पिताजी ने फोन उठाया, रोहित ने रास्ता भूलने की बात अपने पिताजी को बतायी और उस जगह का लोकेशन भेजा। उसके पिताजी ने उस लोकेशन को जानकार लोगों से जाँच करवायी। जानकारी होने के बाद गाइड के लिए उस क्षेत्र के एक अनुभवी आदमी को लेकर उन लोगों को लेने आये। रोहित के पिताजी उनके पास पहुँचे और उन लोगों को लेकर घर आये। अगले दिन रोहित, कमल और निलेश ने कान पकड़कर रोहित के पिताजी से माफी माँगी और अनजान क्षेत्रों में बिना गाईड के नहीं जाने की शपथ ली। यदि उनके पास मोबाइल नहीं होता तो वे खो गये होते। इसलिए कहीं भी जाएँ, मोबाइल जरूर ले जाएँ क्योंकि मोबाइल बहुत काम आता है।

#संस्कार_सन्देश - 
मोबाइल फोन हम सबके लिए बहुत उपयोगी है। किसी संकट में रहें तो फोन करके अपने घर वालों को बुला सकते हैं। इसलिए कहीं भी जाएँ, मोबाइल साथ लेकर जरूर जाएँ।

कहानीकार-
#प्रेमलाल_किशन (स०अ०))
शासकीय प्रा० वि० बुढ़नपुर 
संकुल केन्द्र गहरीनमुड़ा 
विकासखण्ड व जिला-सक्ती, छत्तीसगढ़

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews