174/2025, बाल कहानी- 17 अक्टूबर


बाल कहानी - संस्कारों की शिक्षा
------------------------
मोहन के दो पुत्र राम और श्याम थे। दोनों ही बहुत होशियार और संस्कारी थे। हो भी क्यों न, वह अपने दादाजी से देशभक्ति और महापुरुषों की कहानियाँ जो सुनते चले आ रहे थे। साथ ही साथ रामायण और महाभारत के प्रेरक प्रसंग भी उनके दादाजी उन्हें सुनाते थे।
राम और श्याम सुबह जल्दी उठकर विद्यालय जाने के लिए तैयार हो रहे थे। राम कहता है कि, "पिताजी! पैसे दे दीजिए। आज हमारे विद्यालय में दिवाली का उत्सव मनाया जाना है,
जिसके लिए सभी लोगों को पाँच सौ रुपये जमा करने होंगे।
मोहन जल्दी से अपनी जेब से एक हजार रुपए निकालकर उनको दे देता है। दोनों बच्चे नाश्ता करके स्कूल के लिए चल देते हैं।
अभी घर से थोड़ी दूर ही चले थे कि वे देखते हैं कि एक बूढ़े व्यक्ति को चक्कर आ जाता है और वह वहीं गिर जाता है। राम और श्याम जल्दी से उस वृद्ध व्यक्ति के पास जाते हैं और जैसे ही उनको पकड़ते है तो उन्हें पता चलता है कि उस व्यक्ति को बहुत तेज बुखार है।
राम और श्याम बिना देर किए उसे पास के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाते हैं। डॉक्टर उन्हें दवा देता है और घर ले जाने के लिए कहता है। राम और श्याम डॉक्टर की फीस और दवा के पैसे जमा करते हैं। राम और श्याम उस वृद्ध व्यक्ति से उसके घर का पता पूछते हैं और उसे घर छोड़कर आते हैं। वह व्यक्ति उन्हें दिल से आशीर्वाद देता है। 
अब राम और श्याम स्कूल के लिए निकल पढ़ते हैं, पर उन्हें बहुत देर हो गई थी।
स्कूल देर से पहुँचने पर उन्हें प्रधानाध्यापक के कक्ष में ले जाया जाता है। राम और श्याम वहाँ पहुँचकर देर से आने का कारण बताते हैं और उत्सव के लिए रुपए न जमा कर पाने की बात भी कहते हैं।
उनकी सारी बातें सुनकर प्रधान अध्यापक दोनों बच्चों को शाबाशी देते हैं और वे कहते हैं कि, "आज तुम दोनों ने सच्चे अर्थों में दीपावली का उत्सव मनाया। सारे विद्यालय के अध्यापक और बच्चे उनकी प्रशंसा करते हैं। साथी उनके माता-पिता और परिवार की भी सराहना करते हैं। प्रधानाध्यापक कहते हैं कि, "हर परिवार को अपने बच्चों में इस तरह के संस्कार डालने चाहिए। यही संस्कारों की सच्ची शिक्षा है।"

#संस्कार_सन्देश - 
हमें सदैव दूसरों की मदद करनी चाहिए। यही हमारी संस्कृति और त्योहार हमें सिखाते हैं। 

कहानीकार-
#मृदुला_वर्मा (स०अ०)
प्रा० वि० अमरौधा प्रथम
अमरौधा (कानपुर देहात)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews