33/2026, बाल कहानी - 25 फरवरी

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 33/2026
*25 फरवरी 2026 (बुधवार)*
#बाल_कहानी- #सपनों_की_उड़ान
-----------------------
 
रामदास के चार बच्चे जो पढ़ाई में बहुत होशियार थे, सोनू, मोनू, गीता, रीता जो हमेशा क्लास में फर्स्ट आते थे। रामदास एक गरीब किसान था। उसके पास ज्यादा धन दौलत नहीं थी लेकिन वह अपने बच्चों की परवरिश में कोई कमी नहीं रखता था। रीता सबसे छोटी बेटी थी, जो कक्षा चार में पढ़ती थी। वह बचपन से ही बड़ा आदमी बनने की सोचती थी। एक दिन वह अपने पिता के साथ खेत पर बैठी हुई थी। उसने आसमान में से चिड़ियों को उड़ते देखा। वह सोचने लगी कि, "मैं भी इनकी तरह उड़ सकती हूँ क्या?" उसने पिताजी से कहा, पिताजी पहले हँसने लगे लेकिन उन्होंने कहा कि, "बेटा! आप उड़ सकती हैं लेकिन इसके लिए आपको बहुत पढ़ाई करनी पड़ेगी।" रीता ने अपने मन में ठान लिया कि उसे आसमान में उड़ना है और वह इसी सपने के साथ खूब मन लगाकर पढ़ने लगी। रामदास के चारों बच्चे जवान हो गए। बड़ा बेटा फौज में भर्ती हो गया। छोटा बेटा वकील बन गया। बड़ी बेटी अध्यापक बन गई और छोटी बेटी ने एयर फोर्स में दाखिला ले लिया। जब रीता की ट्रेनिंग खत्म हो गई तो वह गाँव वापस आयी और अपने पिताजी और माँ को लेकर चली गयी। जब पहली बार वह हवाई जहाज में बैठी तो रामदास की आँखें भर आयीं। उसने कहा कि, "आज बिटिया तुमने आसमान में उड़ना सीख लिया। हमारा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है।" रामदास के चारों बच्चे अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ चुके थे। यह देखकर सभी गाँव वाले बहुत खुश हुए और शाबाशी दी!, "मेहनत करने वालों के सपने हमेशा साकार होते हैं। और रामदास! आपके बच्चों ने यह कर दिखाया।" रामदास और उसकी पत्नी बहुत खुश हुए और गाँव वापस आ गये। पन्द्रह दिन बाद दीपावली का त्यौहार आया और उसके चारों बच्चे घर आये तो सभी ग्रामवासियों ने उनका स्वागत किया और पूरी पंचायत के सामने गर्व से कहा कि, "इन बच्चों ने हमारे गाँव का नाम रोशन किया है।" तभी रीता ने कहा, "प्रधान जी! बचपन से हम जो सपने देखते हैं, उसको पूरा करने के लिए हमें बचपन से ही तैयार होना पड़ता है, तभी जाकर यह सफलता हासिल होती है।" यह बात सुनकर सभी ने ताली बजायी और कहा कि, "गरीब किसान के बच्चे भी अपने सपने साकार कर सकते हैं।" रामदास ने अपने चारों बच्चों को गले लगा लिया।

#संस्कार_सन्देश-
यदि कुछ बनना है तो अपने अन्दर उत्साह, हिम्मत और लगन के साथ कार्य करो तो हमेशा अपने सपने साकार होते हैं और सफलता हासिल होती है। 

कहानीकार-
#पुष्पा_शर्मा (शि०मि०) 
प्राथमिक विद्यालय राजीपुर
ब्लाक- अकराबाद जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews