18/2026, बाल कहानी- 07 फरवरी

#दैनिक_नैतिक_प्रभात- 18/2026
*07 फरवरी 2026 (शनिवार)*
#बाल_कहानी - #निपुण_आँकलन
----------------------

सारी तैयारियाँ पूरी हो चुकी थीं। जलपान के लिए मास्टर साहब ने मिठाई और सेब का थैला निकाला और विद्यालय की रसोइया को देते हुए बोले, "ए कलावती! ध्यान से सुनो! आज स्कूल में लड़िकन के निपुण आकलन होइके है, तो एक काम करौ कि ई मिठाई और सेब कायदे से रखि दैहौ।"
"जी, मास्टर साहेब!" कहती हुई कलावती रसोईघर में चली गयी। विद्यालय में प्रतिदिन की तरह प्रार्थना, राष्ट्रगान, योग-व्यायाम कराने के बाद प्रधानाध्यापक राम आधार ने शिक्षक साथी मनोज को बुलाया। निपुण आँकलन की महत्ता के बारे में बताते हुए शिक्षक मनोज से बोले, "ए भैया मनोज, तनी कक्षा-1 और 2 के लड़िका गिन लीन्ह जाय।"
मनोज जी कक्षा में जाते हैं और बताते हैं कि "महोदय! कक्षा-1 में तीस में से उन्तीस छात्र और कक्षा- 2 में पच्चीस में से तेईस छात्र उपस्थित हैं।" फिर तो ठीक है मास्टर साहब! राम आधार बोले। इतने में निपुण आँकलन के लिए डायट से प्रशिक्षु मोहन और गोपाल का विद्यालय में आगमन होता है।
चेहरे पर मुस्कान लिए राम आधार और मनोज प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हैं। दोनों प्रशिक्षु निपुण आँकलन हेतु चयनित छात्रों का नाम शिक्षकों को बताते हैं। भाषा के साथ गणित का आँकलन शुरू होता है। सारे छात्र पूर्ण आत्मविश्वास के साथ सभी प्रश्नों को हल करते जा रहे थे, परन्तु राम आधार का मन बहुत व्यथित था। वह सोच रहे थे कि कक्षा-1 में आज अनुपस्थित छात्र रमन तो माता-पिता के साथ मुम्बई चला गया है और आँकलन सूची में दो दिव्याँग छात्र शिवा और रवि दिव्याँग छात्र हैं। सारी खुशियाँ काफूर हो चुकी थीं। सारा आत्मविश्वास तकनीकी खामियों के आगे बेबस खड़ा था।
कक्षा-1 के समस्त छात्रों का आँकलन शत/प्रतिशत था, परन्तु कक्षा- 2 में सूची में दिव्याँग व अनुपस्थित छात्र होने के कारण विद्यालय निपुण नहीं हो सका। विद्यालय में दो शिक्षक होने के बाद भी अथक परिश्रम के पश्चात विद्यालय निपुण न हो सका। तकनीकी खामियों को दोष देते हुए राम आधार और मनोज एक दूसरे को समझा रहे थे।

#संस्कार_सन्देश - 
तकनीकी शैक्षिक कार्यों में सहायक हो सकती है, परन्तु शिक्षक का विकल्प कदापि नहीं है।

कहानीकार-
#दीपक_कुमार_यादव
प्रा० वि० मासाडीह
महसी, बहराइच (उ०प्र०)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews