25/2026, बाल कहानी- 16 फरवरी
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 25/2026
*16 फरवरी 2026 (सोमवार)*
#बाल_कहानी- #न्यू_ईयर_का_गिफ्ट
-------------------------
राजू, मोनू, चिंटू और गौरव चचेरे भाई थे। विद्यालय में साथ-साथ पढ़ते थे, इसलिए आपस में अच्छे मित्र भी थे। नए साल पर दादाजी ने सभी को सौ रुपए दिए और कहा कि, "कोई अच्छा सा गिफ्ट खरीद लेना।" सभी बच्चे बाजार गये और सभी ने अपने-अपने लिए कुछ न कुछ खरीद लिया। शाम होते ही दादाजी ने सभी बच्चों को पास बुलाया और अपना-अपना गिफ्ट दिखाने के लिए कहा। राजू ने सफेद कार दिखायी और मोनू ने अपना लाल एरोप्लेन दादाजी के सामने रख दिया। गौरव का टेडी बियर भी बहुत अच्छा था। वहीं चिंटू साइड में खड़ा होकर सभी के तोहफे देख रहा था। दादाजी ने चिंटू से उसके तोहफे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि, "दादाजी! स्कूल में मेरा एक मित्र है। उसके पिताजी का देहान्त हो चुका है। उसकी माँ किसी तरह उसकी पढ़ाई का खर्चा उठा पा रही है। उसके पास एक किताब नहीं थी, जिसकी वजह से उसको रोज डाँट पड़ती थी। आज मैंने आपके दिए हुए रूपयों से उसके लिए वह किताब खरीदी और न्यू ईयर के तोहफे के रूप में उसे दे दी। मुझे आपने बड़े प्यार से वह रुपए दिए थे। उसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद! लेकिन मुझे वही करना ठीक लगा। आप गुस्सा तो नहीं होंगे?"
दादाजी ने चिंटू की पूरी बात सुनी और बहुत खुश हुए। उन्होंने कहा कि, "मैं तो तुम्हारी सोच जानकर हैरान हूँ। इतने छोटे से दिमाग में इतना गहरा विचार..! क्या बात है चिंटू! आज तो तुमने मुझे ही न्यू ईयर का गिफ्ट दे दिया। तुम्हारा गिफ्ट सबसे अलग और अनोखा रहा। इस नेक सोच को आगे भी बरकरार रखना बेटा..!"
#संस्कार_सन्देश -
अपने जन्म-दिन या नयी साल या किसी तिथि-त्योहार पर हम किसी जरूरतमंद की मदद करें, इससे अच्छा और सर्वोत्तम उपहार और क्या हो सकता है।
कहानीकार-
#जमीला_खातून (से०नि०प्र० अ०)
प्रा० वि० गढ़धुरिया गंज,
नगर क्षेत्र- मऊरानीपुर (झाँसी)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment