19/2026, बाल कहानी- 09 फरवरी

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 19/2026
*09 फरवरी 2016 (सोमवार)*
#बाल_कहानी -#आशीर्वाद
--------------------

रामसिंह काका के घर में एक गाय थी। वह हमेशा घास चलने जंगल जाती थी, किन्तु दुर्भाग्य से एक दिन वह चट्टान से गिर गई। गाय बच तो गई थी, पर एक टाँग टूट गई। रामसिंह काका बड़े प्यार से अपनी गाय की सेवा करने लगे। धीरे-धीरे वह स्वस्थ हो गई, लेकिन अब वह लँगडी होकर चलती थी।काका उसकी अच्छी प्रकार देखभाल करने लगे। 
कुछ समय बाद गाय ने एक छोटे बछड़े को जन्म दिया। काका बड़े खुश हुए, क्योंकि उनका भी कोई बच्चा न था। इस कारण वे बछड़े को बहुत स्नेह से पालते थे। धीरे-धीरे गाय बूढ़ी हो गई। अब वह दूध नहीं देती थी।घरवाले कहने लगे कि, "अब इस लँगडी गाय को फेंक आओ। यह हमारे किसी काम की नहीं है। उल्टे घास खिलानी पड़ती है।" लेकिन रामसिंह काका ने उसे कहीं नहीं जाने दिया। कहा, "मैं इसकी हमेशा देखभाल करूँगा। यही मेरा धर्म है।" 
बूढ़ी होने के कारण कुछ समय बाद गाय चल बसी तो काका ने उसे गड्ढे में दबा दिया, ताकि चील कौवे उसे न खाएँ। गाय के मरने के कुछ महीने बाद उनकी पत्नी ने एक सुन्दर बेटे को जन्म दिया। सभी घरवाले एवं अन्य लोग समझ गए कि यह गाय का आशीर्वाद है। सभी ने ईश्वर को धन्यवाद दिया।

#संस्कार_सन्देश -
निस्वार्थ भाव से सेवा करने पर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसलिए हमें भी निस्वार्थ हर प्राणी की सेवा करनी चाहिए।


कहानीकार-
#दमयन्ती_राणा ( स०अ०) 
रा० उ० प्रा० वि० ईडा-बधाणी
कर्णप्रयाग, जिला- चमोली उत्तराखण्ड

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews