शिक्षक दिवस
लौकिक ज्ञान की ज्योति अलौकिक, जला रहे तूफानों में,
शिक्षक हैं हम ज्ञान की सलिला, बहा रहे मरुद्यानों में।
ज्ञान कलश के प्रहरी हम, हैं अमिय बाँटने वाले,
निशा का तम भी ढह जाए, हम प्रभा साधने वाले।
गहराई सागर की समेटे, हृदय ज्वार हैं रखते,
पक्षी को परवाज हैं देते, लक्ष्य गगन के रखते।
कलम सौंप दी स्वयं ब्रह्म ने, सुत विमला के जीते,
अक्षर रोप हम शब्द पौध को, श्रम के नीर से सींचे।
वीणापाणि की वीणा के, झंकृत तारों सा झन झन,
सरस सुकोमल वृक्ष गर्व से, माँ का करता वन्दन।
ज्ञान पुष्प खिलते उसमें, सुरभित वसुधा हो जाती,
शिष्य ज्ञान प्रसारित चहुँदिशि, गुरु की चौड़ी छाती।
कोरे कागज पर हमको, नित नई कहानी लिखनी,
बच्चे-बच्चे के मस्तक पर, है नई रवानी लिखनी।
मात पिता ने करके भरोसा, सौंपी अपनी थाती,
हम शिक्षक वो गर्व हमारा, सोना बन जाए माटी।
अन्धकार अज्ञान का जग से, हम विनष्ट कर देंगे,
उज्ज्वल निर्मल इस वसुधा में, ज्ञान क्षीर भर देंगे।
रचयिता
सीमा मिश्रा,
सहायक अध्यापक,
उच्च प्राथमिक विद्यालय काज़ीखेडा,
विकास खण्ड-खजुहा,
जनपद-फतेहपुर।

Comments
Post a Comment