169/2026, बाल कहानी- 24 सितम्बर
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 169/2026
*24 सितम्बर 26 (गुरुवार)*
#बाल_कहानी- #पूरा_कर_पूर्वी
--------------------
बाल-वाटिका की कक्षाओं से ही निधि और पूर्वी की दोस्ती के बड़े-बड़े चर्चे बच्चों के बीच प्रसिद्ध थे। अब दोनों कक्षा पाँच में पहुँच अपने विद्यालय के सीनियर स्टूडेंट्स के रूप में विद्यालय की शोभा बढ़ा रहे थे। बचपन से ही पढ़ाई व खेलों में अव्वल निधि, पूर्वी को सफल होने के अक्सर टिप्स देती रहती और पूर्वी उसकी सलाह मान उस पर अमल करती। इससे दोनों का सम्मान होता और उन्हें सफलता मिलती, जिससे उनकी दोस्ती और अधिक प्रगाढ़ हो जाती।
अगस्त का माह चल रहा था। क्षेत्र में भारी वर्षा का दौर बदस्तूर जारी था। अक्सर हर सप्ताह एक-दो दिन अतिवृष्टि अवकाश हो जाता, जिससे रेगुलर पढ़ाई व स्वतन्त्रता दिवस की तैयारियाँ प्रभावित हो रही थीं। इसी बीच खेल रैलियों का भी बिगुल बज उठा। बच्चे जब भी समय मिलता, पढ़ाई व अन्य बातों के साथ-साथ खेलों की तैयारियों में भी जुट गए थे।
आज मध्याह्न तक वर्षा होती रही थी लेकिन भोजनोपरान्त मौसम कुछ ठीक हो गया। शिक्षकों द्वारा सप्ताह के अन्त में होने जा रही संकुल स्तरीय खेल रैली की तैयारियों के लिए बच्चों को मैदान में बुलाकर, विभिन्न प्रकार की स्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षण व टिप्स दिए जाने लगे। पूर्वी आज अनमनी-सी होकर प्रतिभाग कर रही थी। अन्य बच्चे भी उसकी इस हरकत से हैरान हो रहे थे। दरअसल आज पूर्वी की माँ बाजार जाने वाली थी और उन्होंने पूर्वी से इण्टरवल में घर आने को कहा था लेकिन रैली की तैयारियों के कारण उसके अरमानों पर पानी फिर गया। लम्बी कूद का अभ्यास करते हुए पूर्वी दो बार आधी दूरी तक ही दौड़ पाई और बिना जम्प किए पीछे हट गई। तभी तीसरी बार की कोशिश से पहले निधि ने जोर से बड़ी आवाज में "पूरा कर पूर्वी " कहते हुए उसे झिझोड़ा। इसका ऐसा असर हुआ कि वह इस बार काफी लम्बी दूरी तक कूद गयी। आगे संकुल व विकास खण्ड स्तर पर भी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाते हुए जिले में भी आज वह प्रथम स्थान पाकर राज्य स्तर पर खेलने हेतु नियुक्त हो चुकी है। उसे अब पूरा विश्वास है कि, वह वहाँ भी मेंडल जीतकर रहेगी क्योंकि उसकी प्यारी दोस्त निधि का प्रेरक वाक्य "पूरा कर पूर्वी " खेलते हुए उसे हर बार कई गुना अधिक ऊर्जा प्रदान कर देता है।
#संस्कार_सन्देश-
हम यदि चाहें तो हर किसी से आगे बढ़ सकते हैं और देश-दुनिया में नाम रोशन कर सकते हैं।
रचनाकार-
#दीवान_सिंह_कठायत (प्र०अ०)
रा० आ० प्रावि उडियारी बेरीनाग (पिथौरागढ)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment