170/2026, बाल कहानी- 28 सितम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 170/2026
*28 सितम्बर 2026 (सोमवार)*
#बाल_कहानी- #मन्त्र_और_हौंसला
---------------------

किसी जंगल में एक खरगोश रहता था। यह वही खरगोश था, जिसकी कहानी हम छोटे से प्राइमरी की पुस्तक में पढ़ते आ रहे हैं। यह खरगोश अहंकारवश कैसे आलस और नींद के कारण कछुआ से दौड़ की रेस हार गया था। मैंने सुना कि वह खरगोश अभी भी जीवित है और उसी जंगल में एक मेढ़क से रेस जीतने के लिए अभी भी रोज का अभ्यास करता है।
मैं अपने स्कूल के एक छात्र अभिनव, जो कक्षा पाँच में पढ़ता था, को साथ लेकर जंगल में खरगोश से मिलने पहुँचा।
खरगोश अभिनव को देखते ही पहचान गया और दौड़कर उसके पैंरों से चिपक गया। अभिनव ने उसे उठाया और कहा, देखो, मैं किसे लेकर आया हूँ! यह मेरे स्कूल के त्रिपाठी जी सर हैं। यह हारने वालों को हौंसला देते हैं।"
खरगोश ने मुझे प्रणाम किया। मैंने कहा, "खरगोश! क्या तुम वास्तव में रेस जीतना चाहते हो?" खरगोश ने कहा, "हाँ! लेकिन कैसे...?"
मैंने कहा, "जब तुम्हारी और मेढ़क की प्रतियोगिता हो, उससे पहले एक सप्ताह तक तुम्हें एक मन्त्र का सतत् जाप करना होगा।"
"कौन-सा मन्त्र?" खरगोश ने पूछा।
मैंने कहा, "चरैवति...चरैवति। यह हारकर जीतने वालों के लिए महामन्त्र है। इसका अर्थ है- चलते रहो...चलते रहो। यह निश्चित रूप से हमें मन्जिल तक पहुँचाता है और जीत दिलाता है। इस मन्त्र के जाप के साथ यह भावना करना है कि हमें जीतना है। बस! फिर तुम्हें कोई नहीं हरा सकता।"
खरगोश यह सुनकर बहुत प्रसन्न हुआ। वह बोला, "मैं ऐसा ही करुँगा। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार सरजी!" मैंने खरगोश के कान में कुछ कहा, फिर मैं और अभिनव वापस घर लौट आये। समय पर खरगोश और मेढ़क की जीत की रेस हुई और रेस में खरगोश जीत गया। अबकी बार वह कहीं रुका नहीं। उसे त्रिपाठी सर की कान में कही हुई बात याद थी। उन्होंने कहा था कि सतत् चलते जाना और मन्त्र जप करते जाना। कहीं रुकना नहीं। उसी का परिणाम है कि वह जीत गया। रेस जीतने पर अभिनव और मैं उसे बधाई देने पहुँचा। वह बहुत खुश हुआ। उसने कहा कि, "सर जी! आज आपके कारण मैं विजेता बना हूँ। प्राणी चाहे तो क्या नहीं कर सकता है। सिर्फ उसमें हौंसला हो।" 

#संस्कार_सन्देश -
अगर मन में दृढ़ निश्चय और हृदय में हौंसला हो तो हम कठिन से कठिन बाधा भी पार सकते हैं।

कहानीकार-
#जुगल_किशोर_त्रिपाठी
प्रा० वि० बम्हौरी (कम्पोजिट)
मऊरानीपुर, झाँसी (उ०प्र०)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews