124/2026, बाल कहानी- 27 जुलाई


#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 124/2026
*27 जुलाई 2026 (सोमवार)*
#बाल_कहानी - #सत्य_की_जीत
----------------------

रामपुर गाँव में एक मेहनती किसान अपने तीन होनहार बच्चों के साथ रहता था। विद्यालय में चल रहे वृक्षारोपण अभियान से प्रेरित होकर बच्चों ने घर की छत पर आम, जामुन, इमली, नीम, पीपल, बरगद और अन्य पौधों के बीज तथा छोटे-छोटे पौधे तैयार किए। वे प्रतिदिन उनकी देखभाल करते और बारिश से बचाने के लिए उन्हें ढककर सुरक्षित रखते।

कुछ समय बाद जब पौधे बड़े होने लगे, तो पिता की अनुमति से उन्हें खेत की मेड़ों पर लगा दिया गया। पूरा परिवार मिलकर उनकी देखभाल करने लगा। धीरे-धीरे खेत हरा-भरा और सुन्दर दिखाई देने लगा। यह देखकर पड़ोसी भगवान दास को ईर्ष्या हुई और उसने पंचायत में झूठी शिकायत कर दी कि किसान ने पौधे चोरी करके लगाए हैं। किसान और बच्चों ने शान्तिपूर्वक पूरी सच्चाई बताई कि ये सभी पौधे उन्होंने स्वयं तैयार किए हैं। प्रधान ने उनकी मेहनत और ईमानदारी की सराहना की तथा उन्हें सम्मानित किया।

कुछ दिनों बाद भगवान दास पेड़ों को नुकसान पहुँचाने पहुँचा, लेकिन बच्चों ने समय रहते उसे रोक लिया और समझाया कि, "पेड़ किसी एक व्यक्ति के नहीं, बल्कि पूरे गाँव और पर्यावरण की अमूल्य धरोहर हैं।" गाँव वालों ने भी बच्चों का समर्थन किया और भगवान दास को अपनी गलती का एहसास हुआ।

इस घटना से प्रेरित होकर पूरे गाँव ने संकल्प लिया कि प्रत्येक परिवार पौधे लगाएगा और उनकी नियमित देखभाल करेगा। कुछ ही समय में गाँव हरियाली से भर गया और सभी ने मिलकर नारा लगाय- "पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ।"

#संस्कार_सन्देश -

सत्य, मेहनत और अच्छे उद्देश्य के साथ किया गया कार्य कभी व्यर्थ नहीं जाता। सत्य की हमेशा विजय होती है और मिलकर किया गया प्रयास समाज को बेहतर बनाता है।

कहानीकार-
#पुष्पा_शर्मा (शि०मि०)
पी.एस. राजीपुर, अकराबाद
अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews