121/2026, बाल कहानी- 23 जुलाई

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 121/2026
*23 जुलाई 2026 (गुरुवार)*
#बाल_कहानी - #अहंकार_का_परिणाम
--------------------

एक गाँव में राहुल नाम का एक लड़का रहता था। वह बुद्धिमान और होशियार था, लेकिन उसमें एक बड़ी कमी थी, वह अपने माता-पिता और बड़ों की बात नहीं मानता था। उसे लगता था कि उसे सब कुछ पता है और कोई उसे कुछ सिखा नहीं सकता।
जब भी उसकी माँ उसे पढ़ाई करने, समय पर सोने या अच्छे मित्र चुनने की सलाह देती, वह झुंँझलाकर कहता, "मुझे सब पता है, आप मुझे मत समझाइए।"
दादाजी जब जीवन के अनुभव बताते, तो राहुल उनकी बात बीच में ही काट देता। धीरे-धीरे घर के सभी लोग उससे कम बात करने लगे।
एक दिन विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित हुई। राहुल ने एक मॉडल बनाया। उसके शिक्षक ने कहा, "यदि तुम इसमें कुछ सुधार कर लो, तो यह और अच्छा हो जाएगा।"
लेकिन राहुल ने उत्तर दिया, "मुझे किसी की सलाह की आवश्यकता नहीं है। मेरा मॉडल सबसे अच्छा है।"
प्रदर्शनी के दिन कई विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों में शिक्षकों और अभिभावकों के सुझावों के अनुसार सुधार किए थे। राहुल का मॉडल बीच में ही खराब हो गया और उसे कोई पुरस्कार नहीं मिला।
वह बहुत निराश हुआ। घर आकर उसने अपनी गलती के बारे में सोचा। उसे याद आया कि माँ, पिताजी, दादाजी और शिक्षक सभी उसे समझाने का प्रयास करते थे, लेकिन वह अपने अहंकार के कारण उनकी बात सुनता ही नहीं था।
अगले दिन उसने सबसे पहले अपने माता-पिता और दादाजी से क्षमा माँगी। उसने कहा, "मैं अपने आपको सबसे अधिक समझदार समझता था, इसलिए आपकी बात नहीं सुनता था। अब मुझे समझ आ गया है कि अनुभव और सलाह जीवन में बहुत महत्वपूर्ण होते हैं।"
दादाजी मुस्कुराए और बोले, "बेटा, जो व्यक्ति सीखना बन्द कर देता है, उसकी प्रगति भी रुक जाती है। सच्चा बुद्धिमान वही है, जो बड़ों का सम्मान करे और उनकी बात ध्यान से सुने।"
उस दिन के बाद राहुल ने अपने व्यवहार में परिवर्तन किया। वह बड़ों की बात ध्यान से सुनने लगा, विनम्रता से उत्तर देने लगा और सलाह को समझकर अपनाने लगा। कुछ ही समय में वह विद्यालय और घर दोनों जगह सबका प्रिय बन गया।

#संस्कार_सन्देश -
अहंकार मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी है। जो बच्चे माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों की बात का सम्मान करते हैं, वे जीवन में अधिक सफल और सम्मानित होते हैं।

कहानीकार-
#माधव_सिंह_नेगी (प्र०अ०)
रा० प्रा० वि० जैली, 
वि० ख०- जखोली, रुद्रप्रयाग

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews