91/2026, बाल कहानी- 15 मई
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 91/2026
*15 मई 2026 (शुक्रवार)*
#बाल_कहानी- #धरती_माता
---------------------
बात सर्दियों की है, तब मैं और मेरे प्रिय मित्र रेहान, मनीष, सचिन रोज सुबह पार्क घूमने जाया करते थे। एक दिन जब हम सब घूमते-घूमते पार्क पहुँचे तो बहुत अधिक कोहरा था। चारों तरफ धुन्ध व धुआँ फैला हुआ था। कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
हम चारों जाकर एक बेंच पर बैठ गए। पर थोड़ी देर में हम लोगों को लगा कि हमारे पीछे कोई खड़ा है। मुड़कर देखा तो कोई दिखाई नहीं दिया। हम लोग डर गए और दूसरी बेंच पर जाकर बैठ गए, पर वहाँ भी लगा कि कोई हमारे पास है। हम सब ने डर कर पूछा कि "कौन है..?"
तो एक धुँधली-सी आकृति सामने प्रकट हुई। एक दिव्य स्त्री जैसी आकृति... वह लग तो देवी जैसी रही थी, पर बहुत दु:खी थी और धीरे-धीरे से सिसक रही थी। उसके चेहरे पर जले हुए के छाले पड़े हुए थे। त्वचा जगह-जगह से चटकी हुई थी। पूरे शरीर पर गन्दगी लगी हुई थी जैसे किसी ने उसके ऊपर कूड़ा-कचरा डाला हो। उसे साँस लेने में भी तकलीफ हो रही थी।
हम सबको उनकी हालत देखकर बहुत दुःख हुआ। हमने उनसे फिर पूछा कि, "आप कौन हैं..?" तो उन्होंने कराहते हुए उत्तर दिया कि "तुमने मुझे नहीं पहचाना...मैं हूँ तुम्हारी धरती माता..!"
"धरती माता..! आपकी ऐसी हालत किसने की है..?" बच्चों ने कहा
"विकास के नाम पर अवैध खनन करके, पेड़ काटकर, परमाणु हथियारों की होड़ और प्रदूषण फैलाकर तुम मनुष्यों ने ही तो मेरी यह हालत की है।" धरती माँ ने कहा।
"तो आप हमारे पास क्यों आयी हैं? हम तो बच्चे हैं। हम क्या कर सकते हैं आपके लिए?"
"अरे बच्चों! अब तुम ही तो आखिरी उम्मीद हो हमारी। जिनसे बचाने की उम्मीद थी, वही तो मेरे विनाश में लगे हुए हैं। तुम ही शायद हमारा दुख समझ सको.".. और..और
चारों बच्चों ने अपने हाथ बढ़ा दिए। धरती माँ को गले लगाने के लिए... इस संकल्प के साथ कि "वे अपनी धरती माता की हर हाल में रक्षा करेंगे..!"
इसके साथ ही धुन्ध छंट गई.. पूरब की ओर से सूरज निकला और पार्क के दूसरे छोर पर फूल खिल गए .. मानो धरती माँ आश्वस्त होकर मुस्करा उठी हों....।
#संस्कार_सन्देश -
हमें धरती को पुन: हरियाली लौटानी होगी और गौ-पालन करना होगा, वरना प्रदूषण एक दिन सारी मनुष्य जाति को लील जायेगा।
स्वरचित व मौलिक
#जमीला_खातून (से०नि०प्र०अ०)
प्रा० पा० गढ़धुरिया गंज
नगर क्षेत्र व ब्लाॅक- मऊरानीपुर
जिला- झाँसी (उ०प्र०)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment