42/2026, बाल कहानी- 12 मार्च
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 42/2026
*12 मार्च 2026 (गुरुवार)*
#बाल_कहानी- #कुत्ता_और_बिल्ली
---------------------
रामदीन के घर में एक बिल्ली और एक कुत्ता रहते थे। वे दोनों पालतू थे। दोनों बड़े प्रेम से एक साथ रहते थे। सभी यह देखकर आश्चर्य करते थे।
एक दिन रामदीन के पड़ोसी राघव और माधव आपस में भाई होते हुए घर के बाहर चबूतरे को लेकर लड़ पड़े। लड़ाई देखकर आस-पास के सभी नर-नारी, बच्चे-बूढ़े वहाँ एकत्रित हो गये। सभी ने दोनों को बहुत समझाया किन्तु वे मान ही नहीं रहे थे।
उसी समय रामदीन वहाँ आया और उसके पीछे वे दोनों कुत्ता और बिल्ली भी आ गये। सभी ने उन्हें देखा। सबको पता था कि दोनों परम शत्रु मिलकर रहते हैं। रामदीन ने कहा, "देखो, मेरे इन पालतू पशुओं को। परम शत्रु होते हुए भी आपस में मिलकर प्रेम से रहते हैं। यह जगत में सबसे बड़ा आश्चर्य है। व्यक्ति प्रेम से किसी को भी वश में कर सकता है। प्रेम बड़ी से बड़ी शत्रुता का सहज ही अन्त कर देता है।.... तुम दोनों सहोदर भाई हो, छोटी-छोटी बातों पर लड़ते हो। चबूतरा कोई लेकर तो जा नहीं रहा है। घर के बाहर चबूतरा होने से चार लोग बैठते हैं। आपसी चर्चायें विभिन्न विषयों पर होती हैं। अच्छा लगता है। मकान के बाहर चबूतरा न हो तो मकान जैसे श्रीहीन लगता है। इन हमारे कुत्ते-बिल्ली से कुछ सीखो! ये पूरे प्रान्त के लिए एक मिशाल हैं।"
यह सुनकर राघव और माधव सहम से गये। फिर तो वहाँ और भी लोग आगे आकर रामदीन की बातों का समर्थन कर समझाने लगे। राघव और माधव ने एक-दूसरे से माफी माँगी और दोनों एक-दूसरे के गले लग गए।
#संस्कार_सन्देश -
हमें पशु-पक्षियों से भी हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहना चाहिए। प्रकृति हमें क्षण-क्षण सीख देती है।
कहानीकार-
#जुगल_किशोर_त्रिपाठी
प्रा० वि० बम्हौरी (कम्पोजिट)
मऊरानीपुर, झाँसी (उ०प्र०)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment