४८५~ अनिता श्रीवास्तव, अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय सरैया, ब्लाक- चरगावां, जनपद-गोरखपुर

             🏅अनमोल रत्न🏅


मित्रों आज हम आपका परिचय मिशन शिक्षण संवाद के माध्यम से जनपद- गोरखपुर से बेसिक शिक्षा की अनमोल रत्न शिक्षिका बहन अनिता श्रीवास्तव जी से करा रहे हैं जिन्होंने अपनी सकारात्मक सोच और व्यवहार कुशलता से अपने विद्यालय को न सिर्फ बच्चों के लिए आकर्षण का केन्द्र बल्कि समाज के लिए भी विश्वास का केन्द्र बना दिया है। जो हम जैसे हजारों शिक्षक साथियों के लिए प्रेरक एवं अनुकरणीय प्रयास हैं। 


आइये देखते हैं आपके द्वारा किए गये कुछ प्रेरक और अनुकरणीय प्रयासों को :

https://www.facebook.com/1598220847122173/posts/2745593362384910/

👉1.शिक्षक का परिचय :- मैं अनिता श्रीवास्तव, वर्तमान में अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय सरैया, ब्लाक- चरगावां, जनपद-गोरखपुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हूँ।

मेरी प्रथम नियुक्ति वर्ष 2005 में जनपद देवरिया के बैतालपुर ब्लॉक में हुई। वर्तमान विद्यालय में नियुक्ति - वर्ष 2018 में चयन प्रक्रिया द्वारा प्रधानाध्यापिका के पद पर प्राथमिक विद्यालय सरैया को अंग्रेजी माध्यम में संचालित करने के लिए हुई।

👉2- विद्यालय की समस्याएं:-
विद्यालय का भौतिक परिवेश एवं शैक्षणिक स्तर दयनीय था। विद्यालय प्रांगण में वर्षभर जलमग्न रहने वाला बड़ा सा तालाब, ऊपर से बाउंड्रीवॉल का न होना, विद्यालय भवनों का दो हिस्सों में बंटा होना, जिसके बीच की दूरी लगभग सौ मीटर। बरसात में प्रांगण कीचड़ और पानी से लबालब रहता जहाँ चलना दूभर हो जाता था। दोनों भवनों के बीच एक बड़ा सा नाला था जिससे पूरे गांव की गंदगी तालाब में जाकर गिरती थी, इस पर बच्चों की संख्या भी 350 से ऊपर।

विद्यालय प्रांगण के केंद्र में एक जर्जर भवन जो रोज दुर्घटना के लिए मुंह बाये खड़ा था। वर्षों से निष्प्रयोज्य पड़े इस भवन की छत टूट टूट कर गिरती रहती थी। कई बार बड़ी दुर्घटनाएं होने से बची। कक्षाओं की स्थिति भी कुछ अलग न थी जैसे लगता था कई वर्षों से कोई मरम्मत या मेंटेनेंस ही नहीं किया गया होl बहुत ही उहापोह की स्थिति थी, क्या मैं इसे ज्वाइन करुँ और अगर हाँ तो क्या इन सब स्थितियों में सुधार कर पाऊँगी.... ।

अंततः बस ईश्वर की इच्छा और एक चुनौती मानकर विद्यालय ज्वाइन कर लिया।

👉3- विद्यालय की समस्याओं का समाधान:-
एक वर्ष से भी कम समय में असंभव से दिखने वाले अनेक कार्य पूर्ण हुए। उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग तथा ग्राम प्रधान, ग्रामीणों एवं प्रशासनिक स्तर से सहयोग प्राप्त कर, गैर सरकारी संस्थाओं को जोड़कर तथा स्वयं के संसाधन एवं धन का उपयोग कर विद्यालय का स्वरुप बदलने का सार्थक प्रयास किया।
प्रथम दिवस से लेकर आज तक के अथक प्रयासों के प्रतिफल में आज इसके भौतिक परिवेश एवं शैक्षणिक स्तर में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन आया। आज पठन पाठन को गतिशील बनाये रखने के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कर ली गयी हैं। पिछले पूरे वर्ष भर मुझे जो सबसे बड़ी कमी महसूस हुई वह थी इन सभी कार्यों के बीच उलझ कर मेरे अंदर का शिक्षक मुझ से दूर होता जा रहा था और चाह कर भी मैं अपने बच्चों के बीच शिक्षण कार्य हेतु भरपूर समय नहीं दे पा रही थी। किन्तु अब बारी शैक्षणिक स्तर को सुधारने की है जो तभी संभव है जब अपना अधिक से अधिक समय बच्चों के बीच दिया जाये।

इसके लिए समय को नियोजित किया और कार्यों को सहकर्मियों के बीच बांट एक नए जोश के साथ फिर आगे बढ़ चली। 









⭐A- स्वयं के प्रयास से:
2011 से 2018 तक मैंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों में शिक्षण कार्य किया और मेरा पूरा प्रयास रहा- बच्चों के बीच अंग्रेजी, विज्ञान और गणित के भय को ख़त्म कर नवाचारी विधियों से शिक्षण को सहज एवम् रुचिकर बनाया जाए।

जर्जर भवन का ग्राम प्रधान एवं विभाग की मदद से ध्वस्तीकरण।
अपने प्रयासों से विद्यालय में NEDA द्वारा सोलर प्लांट, आर०ओ० प्यूरीफायर, सोलर फैन और सबमर्सिबल पंप लगवाना।

बच्चों को हाथ और बर्तन धोने के लिए अलग-अलग वाशिंग जोन बनवाया गया। बच्चों को हाथ धोने के लिए पांच टैप एवं शुद्ध पेय जल के लिए आर.ओ. से जुड़े पांच टैप लगवाये गए। शौचालय में 24 घंटे जल आपूर्ति टैप द्वारा सुनिश्चित कराई।

विद्यालय परिसर एवं रास्तों का व्यक्तिगत प्रयास एवं धन द्वारा सोलिंग एवं गिट्टी, सीमेंट द्वारा पक्का कराया जाना।

कक्षाओं में रंगाई-पुताई, TLM के रूप में प्रिंटेड फ्लेक्स और दीवाल घड़ियों से सुसज्जित कराकर कक्षों को आकर्षक रूप दिया गया।

प्रधान के सहयोग से फर्श में टाइल्स लगवाया गया।

स्कूल ऑफिस का सौन्दर्यीकरण।
टीचर्स के लिए स्टाफ रूम उपलब्ध कराया।
सभी क्लासेज में कारपेट पर बैठने की व्यवस्था।
विद्यालय में स्मार्ट क्लास का संचालन।
माइक, म्यूजिक सिस्टम, ड्रम, सिम्बल, फर्नीचर और आलमारी आदि उपलब्ध करायी गई।
मिड डे मील मेनू का कड़ाई से पालन। अचार, काबुली चना, मटर की सब्जी, मौसमी फल और मेवे युक्त दूध उपलब्ध कराना।

⭐B- जन सहभागिता से :-

गैर सरकारी संगठनों एवं व्यक्तियों को विद्यालयो से जोड़ कर विद्यालय हित के कार्यों को पूर्ण करना, इनरव्हील क्लब एवं रोटरी क्लब से जुड़ कर स्कूल में इस वर्ष सभी कक्षाओं डेस्कबेंच की सुविधा, तीन कक्षाओं में स्मार्ट क्लास संचालन, लाइब्ररी हेतु आलमारी व्हाइट बोर्ड एवं अन्य कई सुविधाओं का इस सत्र में प्राप्ति हेतु चयन।

👉4 - विद्यालय की प्रेरक शिक्षण, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं खेलकूद गतिविधियाँ -

2011 से 2018 तक मैंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों में शिक्षण कार्य किया और मेरा पूरा प्रयास रहा- बच्चों के बीच अंग्रेजी, विज्ञान और गणित के भय को ख़त्म कर नवाचारी विधियों से शिक्षण को सहज एवम् रुचिकर बनाना।
इसके लिए सर्वप्रथम बच्चों के बोलचाल की भाषा में सामान्य अंग्रेजी के शब्दों के प्रयोग को प्रोत्साहित कर उनकी हिचक समाप्त की। प्रार्थनासभा में अंग्रेजी में निर्देश, प्रेरणा गीत, प्रतिज्ञा आदि को जोड़कर बच्चों के बीच इसे सहज एवम् ग्राह्य बनाया। गणित और विज्ञान को भी पुस्तकों से बाहर लाकर व्यवहारिक जीवन में उसकी उपयोगिता को स्थापित करना सदैव मेरी प्राथमिकता रही है। इसके लिए प्रयोगों, प्रदर्शन, मॉडल, वातावरण आदि से विषय को जोड़ना, ICT के नियमित उपयोग आदि पर जोर देती रही हूँ। इन सब विधियों का उपयोग कर विषयों को रूचिकर बनाया, जिससे विद्यार्थियों के समझ और ज्ञान में उलेखनीय वृद्धि हुई। जल्द ही छात्र संख्या 105 से बढ़कर 185 हो गयी।

👉5- विद्यालय और विद्यार्थियों की उपलब्धि:-
A- नामांकन विवरण: 2019-20 में 141 से अधिक नवीन नामांकन के साथ कुल नामांकन संख्या 376 हुई।












👉6 - शिक्षकों और विद्यालय की उपलब्धियां:-
⭐A.नवाचारों का विवरण:

सिक-कार्नर और फर्स्ट ऐड की सुविधा उपलब्ध कराई।

स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए खेल के सामानों से सुसज्जित स्पोर्ट्स कार्नर बनाया|

बच्चों के लिए अंग्रेजी में प्रिन्टेड लीव एप पहल रही जिसकी प्रशंसा समाचार पत्रों एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा की गयी।

एडमिशन फॉर्म के माध्यम से प्रवेश की जनपद में प्रथम शुरुआत।
सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के लिए कक्षावार सामान्य ज्ञान सिलेबस का कक्षा- 1 से 5 तक निर्माण।
कक्षा- 1 के बच्चों के लिए पाठ्यक्रम आधारित अंग्रेजी प्रैक्टिस वर्कशीट का निर्माण एवं नियमित प्रयोग|
नो बैग डे को पूर्व से नियोजित कर बेहतर अधिगम सुनिश्चित करना। नो बैग डे के दिन होने वाली गतिविधियों का एक्टिविटी रजिस्टर में नियमित अंकन।
विद्यालय के कार्यों की समीक्षा एवं भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श हेतु मासिक स्टाफ मीटिंग की नवाचारी पहल।
अनवरत स्वच्छ्ता मिशन की शुरुआत, जिसमें स्वच्छ बालक एवं बालिका को मासिक स्वच्छ्ता किट उपहार स्वरुप भेंट दिया जाता है। इसकी प्रशंसा समाचार पत्रों द्वारा की गयी। नियमित शिक्षक अभिभावक बैठक की पहल।

⭐B- विभिन्न सम्मानों का विवरण:
कक्षावार सामान्य ज्ञान पुस्तिका संकलन हेतु आदरणीय सी॰डी॰ओ॰, ए॰डी॰ बेसिक एवं बी॰एस॰ए॰ महोदय द्वारा सराहना एवं शुभकामना पत्र प्रदान किया गया ।

C- शिक्षकों के विभिन्न पुरस्कारों का विवरण:
वर्ष 2019 की राज्य स्तरीय आई॰सी॰टी॰ में जनपद स्तर से विजेता|
वर्ष 2019 की राज्य स्तरीय पाठ योजना निर्माण प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर विजेता|
वर्ष 2018 के राज्य स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता की विजेता|
प्राथमिक कक्षाओं के पाठ की ऑडियो रिकॉर्डिंग हेतु SCERT द्वारा जनपद से चयन।
सत्र 2018-19 में 366 नामांकन संख्या के साथ जनपद के सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालयो में चयन।
ब्लॉक स्तर पर बच्चों का विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता रहना।
👉7- मिशन शिक्षण संवाद के लिए संदेश :
मिशन शिक्षण संवाद हम सभी शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवीन प्रयासों एवम् नवाचारों को जानने तथा अपने प्रयासों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। यह हम सभी में सकारात्मक ऊर्जा प्रवाहित करने का स्रोत है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है।

👉8 - शिक्षक समाज के लिए संदेश: हर वो प्रयास जो हमारे बच्चों के उज्जवल भविष्य निर्माण के लिए सहायक एवं आवश्यक है, उसे करने में तनिक भी संकोच न करें, कठिन निर्णय लेने में पीछे न हटें, अपनी क्षमताओं पर सदैव विश्वास रखें और निरंतर आगे बढ़ते रहें। सकारात्मक ऊर्जा सफलता प्राप्ति का मूल मंत्र है।

👉9- संकलन एवं सहयोग
नाम: मृदुला वैश्य
सहायक शिक्षिका
पूर्व माध्यमिक विद्यालय मीठाबेल
ब्लॉक : ब्रह्मपुर
गोरखपुर
03-09-2020

नोट : मिशन शिक्षण संवाद में सहयोग और सुझाव के लिए वाट्सअप नम्बर - 9458278429 पर लिखें ✍🏽🙏

Comments

Total Pageviews