06/2026, बाल कहानी- 22 जनवरी

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 06/2026
*22 जनवरी 2026 (गुरुवार)*
#बाल_कहानी- #जब_तक_सूरज
------------------------
   
"जब तक सूरज चाँद रहेगा, देवेन्दर का नाम रहेगा" का स्वर दूर से ही सुनाई देने लगा, जिसे सुनकर उत्सुकतावश नन्हा महिराज, जो अभी दहाड़े मार-मारकर घर के भीतर रो रही माँ के सम्मुख गुमसुम‌-सा खड़ा था, जिसके सिर पर आज हर कोई स्वत: ही हाथ फेरकर प्यार मिश्रित दयादृष्टि की नजरें डाल उसकी माँ को सांत्वना दे रहे थे, बाहर निकलकर आवाज आ रही दिशा की ओर देखने लगा। उसने देखा कुछ सैनिक अपने कन्धों पर एक बड़ा बाक्स एक बड़े कपड़े से ढका हुआ, जो पन्द्रह अगस्त को स्कूल में फहराये जाने वाले झण्डे की तरह का बना था, को लेकर उनके घर की ओर आ रहे हैं और उसके पीछे लोग "जब तक सूरज......रहेगा, भारत माता की जय, वन्देमातरम् जैसे नारे जोर-जोर से लगाकर साथ में आते हुए उनके आँगन में रुक गये और बाक्स आँगन में रख दिया। 
पहली कक्षा में पढ़ रहा महिराज को यह तो मालूम था कि वह भी पन्द्रह अगस्त, छब्बीस जनवरी को होने वाली प्रभात फेरी में 'भारत माता की जय', 'वन्दे मातरम्' तथा 'महात्मा गॉंधी अमर रहें' नारे सुन-बोल चुका था लेकिन आज उसके पापा का नाम लेकर 'जब तक सूरज.......रहेगा।' का नारा क्यों लगा रहे हैं? उसकी समझ से परे था। 
कुछ लोग उसकी रोती-विलखती माँ को बाहर लाये और उसके ताऊ जी उसे पकड़कर बाक्स के पास लाये और सैनिकों ने उसका ढक्कन खोला तो उसने देखा कि उसके पापा उसके भीतर सफेद कपड़े में लिपटे हैं और सोये हुए से लग रहे हैं। तभी सैनिक अधिकारी ने बताया, "नायक देवेन्द्र सिंह बहादुरी से आतंकियों का मुकाबला करते हुए शहीद हुए हैं। हमें इनकी शहादत पर गर्व है।" अब सभी की आँखें नम हो गयीं थीं। तब वह समझ पाया, शायद उसके पापा अब नहीं रहे। 
नन्हा महिराज मन ही मन सोचने लगा कि, "बड़ा होकर वह भी फौज में भर्ती होगा और उन आतंकियों को मारकर अपने पापा की मौत का जरूर बदला लेगा।" आँगन में कुछ देर तक खामोशी छाई रही। फिर सभी लोग 'जयहिन्द', 'जब तक सूरज.....रहेगा' का नारा पुनः जोर-जोर से लगाने लगे। 

#संस्कार_सन्देश -
जवान हमारे देश का सर्वोच्च पहरेदार और वफादार फौजी होता है। ऐसे देश-रक्षक पर सभी को गर्व होना चाहिए।

कहानीकार-
#दीवान_सिंह_कठायत (प्र०अ०)
 रा०आ०प्रा०वि० उडियारी बेरीनाग, पिथौरागढ

✏️संकलन
टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews