01/2026, बाल कहानी- 16 जनवरी
दैनिक नैतिक प्रभात- 01/2026
*16 जनवरी 2026 (शुक्रवार)*
#बाल_कहानी- #थर्टी_फस्ट
-----------------------
"हाँ, हो गई सब तैयारी। बाजार से सब सामान जो भी चाहिए, ले लिया है। कमल, सोनू, रोहित और निखिल को बता दिया है।" कहते हुए प्रांजल ने मंजुल को इस बार पूरे धूम-धड़ाके से दूर जंगल की धार के ऊपर थर्टी फस्ट मनाने के लिए, किए गए इन्तजामों से आश्वस्त कर दिया। उधर कुछ लोग गाँव के मन्दिर में साफ-सफाई कर भजन-कीर्तन कार्यक्रम के साथ, सात्विक भोजन की व्यवस्था करते हुए नये वर्ष के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे।
प्रांजल व मंजुल की टोली दोपहर बाद नियत स्थान पर पहुँच गयी और वे तामसी भोज की तैयारियाँ करने लगे। जितने टीम के सदस्य थे, उनसे एक अधिक न एक कम। आज वह अन्य किसी से कोई मतलब न रख, स्वयं में ही ऐसे मस्त थे, जैसे उनके लिए वह मित्रमण्डली ही सारा संसार हो। उनके पारिवारिक जन उनके इन तरीकों से आशंकित तो थे लेकिन लड़कों द्वारा आज उन्हें परेशान न करने की सख्त हिदायत दी गई थी। जिससे वह कुछ कह नहीं पाए थे। शाम होते-होते शुरूर चढ़ने लगा। नशे में चूर उनका व्यवहार अब असामाजिकता की हदें लाँघता हुआ उन्मुक्त नृत्य व उद्दंडता की ओर बढ़ता जा रहा था।
उधर मन्दिर में सायंकालीन आरती के पश्चात् भोजन करने के उपरान्त भजन-कीर्तन की स्वर लहरियों से गाँव का वातावरण गूँजने लगा। लोग स्वत:अनुशासित होकर भजन-कीर्तन में मस्त हो गा-बजा व नृत्य कर रहे थे। ठीक अर्द्धरात्रि में मन्दिर में सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित करते हुए रोशनी की गई और ढोल नगाड़े बजाए गये। उधर धार में लगातार पटाखे फोड़ने का बीभत्स स्वर सुनाई दे रहा था।
अगले दिवस नये वर्ष की पहली प्रातः, मन्दिर में पूजा आरती शंख-घंटों की आवाज के साथ सम्पन्न होने के उपरान्त
लोग प्रसाद ग्रहण कर खुशी-खुशी अपने घरों को जाते हुए एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएँ प्रदान कर रहे थे। उधर धार में गये हुए लड़के पस्त होकर घायल हुए से अपने घरों में पड़े थे। दो को चोट लगने तथा एक को डिसेंन्ट्री के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। रात को उनके द्वारा फोड़े गये पटाखों से निकली आग से अब जंगल भी धू-धू कर जल रहे थे।
संस्कार सन्देश-
हमें अपनी खुशी मनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और चारों चोर के वातावरण पर भी ध्यान देना चाहिए ताकि हमारे द्वारा किसी को कोई नुकसान न हो।
कहानीकार-
दीवान सिंह कठायत (प्र०अ०)
रा० आ० प्रा०वि० उडियारी
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment