प्रधानाध्यापक ने बदली विद्यालय की तस्वीर

प्रधानाध्यापक ने बदली विद्यालय की तस्वीर
जागरण संवाददाता, औरैया : शासन ने कांवेंट स्कूलों को मात देने के लिए परिषदीय स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम मॉडल स्कूल बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी के तहत जनपद से तीन चरणों में 45 स्कूलों का चयन किया गया है। चालीस स्कूलों में प्रधानाध्यापक पहुंच चुके हैं। जबकि पांच स्कूलों को शिक्षक नहीं मिल पाए हैं। इन्हीं स्कूलों में एक जौंरा का प्राथमिक विद्यालय चयनित है। यहां के प्रधानाध्यापक ने कांवेंट स्कूल को मात देने के लिए विद्यालय की चहारदीवारों पर कांवेंट स्कूलों की तरह स्लोगन लिखवाए हैं। वहीं उन्होंने विद्यालय में पेंटिंग भी बनवाई है। यह विद्यालय अन्य अंग्रेजी माध्यम चयनित स्कूलों के लिए नजीर बन गया है। औरैया विकास खंड क्षेत्र के ग्राम जौंरा में स्थित प्राथमिक विद्यालय का चयन बीते माह अंग्रेजी माध्यम मॉडल स्कूल में हो गया था। यहां प्रधानाध्यापक के पद पर बृजेन्द्र राठौर को भेजा गया। वह विद्यालय पहुंचे तो उनका मन वहां की व्यवस्था देख द्रवित हो उठा। उन्होंने विद्यालय को जनपद में अलग से पहचान दिलाने की मन में ठान ली। इसके बाद वह अपने लक्ष्य में लग गए। उन्होंने विद्यालय की चहारदीवार पर अंग्रेजी में स्लोगनों को लिखवाया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में वॉल पेंटिंग सहित अन्य कई काम कराए। यही नहीं उन्होंने ग्राम प्रधान का सहयोग लेकर विद्यालय में मिट्टी का भराव भी करवाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय को कांवेंट स्कूल की तरह चमकाने के लिए उन्होंने अपने पास से साठ हजार रुपये खर्च कर दिए। यही नहीं वह विद्यालय में पार्क आदि की व्यवस्था कर रहे हैं। बताया कि यहां बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में ही शिक्षा दी जाएगी। उनका लक्ष्य जुलाई में 200 बच्चों का नामांकन करने का है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से नए प्रधानाध्यापक आए हैं तब से स्कूल की तस्वीर ही बदल गई है। उन्होंने अपने बच्चों का कांवेंट स्कूल से नाम कटवा लिया है। वह लोग अपने बच्चों का नामांकन इसी स्कूल में करवाएंगे।
साभारः- दैनिक जागरण

Comments

Total Pageviews