31/2024, बाल कहानी- 26 फरवरी


बाल कहानी- मिनी का लन्च

एक मिनी नाम की लड़की थी, जो अपनी चीजें किसी के साथ शेयर करना पसन्द नहीं करती थी। उसे दोस्तों के साथ मिलना-जुलना,  खेलना या बातें करना पसन्द नहीं था, इसलिए स्कूल या घर में उसके कोई भी बहुत अच्छे दोस्त नहीं थे।
एक दिन अपने स्कूल में नाश्ते के समय में नाश्ता करने जा रही थी, तो टिफिन खोलते समय ही मिनी का टिफिन बॉक्स नीचे गिर गया और सारा खाना जमीन पर बिखर गया। मिनी को बहुत तेज भूख लगी थी, लेकिन उसका सारा नाश्ता नीचे गिर चुका था।
वह बहुत दुःखी हुई, पर कर भी क्या सकती थी? क्लास के सभी बच्चे मिल-जुलकर नाश्ता कर रहे थे। मिनी ने देखा तो सभी बच्चे उसकी तरफ देख रहे थे। उसकी बेन्च पर बैठी हुई रोली ने मिनी के आगे अपना टिफिन बढ़ाया। चूंँकि मिनी को किसी से घुलना-मिलना पसन्द नहीं था, इसलिए मिनी ने खाने से मना कर दिया। पर रोली ने फिर कहा, "प्लीज मिनी! मेरे टिफिन से नाश्ता ले लो, वरना भूखी रह जाओगी।"
मिनी ने झिझकते हुए खाना शुरू कर दिया। रोली के टिफिन में दो परांँठे रखे थे, एक-एक दोनों ने खाया। मिनी रोज एक सेब लेकर आती थी, मिनी ने भी आधा सेब रोली को दिया और आधा स्वयं खाया। आज वो एक परांँठा और आधा सेब दोनों को प्रतिदिन से ज्यादा स्वादिष्ट लगा। मिनी और रोली की अच्छी दोस्ती हो गयी। फिर तो रोली ने अपने बाकी दोस्तों से भी मिनी की दोस्ती करवायी। मिनी को भी सभी के साथ बातें करके बहुत अच्छा लगा। वह सोच रही थी कि वह तो इन लोगों के साथ तो वह बात करना पसन्द नहीं करती थी, तब भी रोली ने उसकी मदद की। अब मिनी की समझ में आ गया था कि अपने आस-पास के लोगों की मदद करनी चाहिए, तभी कठिन समय में आवश्यकता पड़ने पर हमें भी उनसे मदद मिलती है। 

संस्कार सन्देश-
अपने आस-पास के लोगों से मिल-जुलकर रहना चाहिए और उनकी सहायता करनी चाहिए। 


✍️👩‍🏫लेखिका-
शिखा वर्मा (इं०प्र०अ०)
उ० प्रा० वि० स्योढ़ा
बिसवाँ (सीतापुर)

✏️संकलन
📝टीम मिशन शिक्षण संवाद
नैतिक प्रभात

Comments

Total Pageviews