198/2026, बाल कहानी- 10 नवम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 198/2026
10 नवम्बर 2026 ( मंगलवार)
#बाल_कहानी - #दीवाली_का_अर्थ
--------------------

आज हमारे गॉव अमरौधा में चहल पहल थी। दीवाली का पावन पर्व नजदीक था। चारों तरफ रंग-बिरंगी रोशनियाँ, बाजारों की सजावट और खुशियों का माहौल था। हर कोई अपने घरों को सजाने और मिठाइयाँ खरीदने में व्यस्त था। इसी बीच, पिंकी नाम की एक छोटी-सी प्यारी बच्ची भी अपने दोस्तों के साथ बाजार पहुँची। पिंकी का दिल बहुत कोमल था। वह दूसरों की मदद करने में हमेशा आगे रहती थी। उसके पास इस बार दिवाली पर मिट्टी के सुन्दर दीये और कुछ खिलौने खरीदने के लिए कुछ पैसे थे, जिन्हें उसने बहुत संभालकर रखा था।

बाजार की भीड़-भाड़ में चलते-चलते पिंकी की नजर एक कोने पर पड़ी। वहाँ एक छोटा-सा गरीब बच्चा, फटे-पुराने कपड़ों में उदास चेहरे के साथ बैठा था। उसके पास कुछ मिट्टी के दीये रखे थे, जिन्हें वह बेचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ठण्ड और भुखमरी के कारण उसकी हालत बहुत खराब थी। लोग आते-जाते थे, पर कोई उसकी तरफ ध्यान नहीं दे रहा था। जब पिंकी ने उस बच्चे को ठण्ड में काँपते और मायूस देखा, तो उसका नन्हा दिल भर आया। उसे अहसास हुआ कि जहाँ वह खुद दीये खरीदने के सपने देख रही है, वहीं इस बच्चे के पास तो दो वक्त की रोटी और इस ठण्ड से बचने का भी कोई साधन नहीं है।
पिंकी ने एक पल की भी देरी नहीं की। उसने अपनी जेब से अपने सारे पैसे निकाले—जो उसने दीये और खिलौने खरीदने के लिए बचाए थे—और सीधे वे सारे पैसे उस बच्चे के हाथ में रख दिए और बोली, "ये लो भाई, इन पैसों से तुम कुछ खा लेना और अपने लिए कुछ गर्म कपड़े खरीद लेना।" बच्चे की आँखें भर आयीं! उसने अविश्वास से कभी उन पैसों को देखा तो कभी पिंकी के फरिश्ते जैसे मासूम चेहरे को। उसके चेहरे की वह मायूस मुस्कान खुशी में बदल गई।

पिंकी खाली हाथ घर लौटी और अपनी माँ को सारी बात बतायी, तो पहले तो माँ हैरान हुईं। लेकिन जब उन्हें अपनी बेटी की इस नेकी और दरियादिली का पता चला, तो उनका गला भर आया। उन्होंने गर्व से पिंकी को अपने गले से लगा लिया और प्यार से माथा चूमते हुए कहा, "बेटी! असली दीवाली तो वही है, जो किसी के बुझे हुए घर में उजाला कर दे, किसी के बुझते हुए दिए को जला दे। आज तुमने मेरा दिल जीत लिया।" माँ की वह शाबाशी पिंकी के लिए दुनिया का सबसे खूबसूरत उपहार बन गई।

#संस्कार_सन्देश -
हमें भी बेकार की दिखावट को छोड़कर दूसरों की मदद करनी चाहिए। यही सच्चे अर्थों में त्योहार का मतलब होता है।

कहानीकार-
#मृदुला_वर्मा (स०अ०)
प्रा० वि० अमरौधा प्रथम
अमरौधा (कानपुर देहात)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद 
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews