196/2026, बाल कहानी- 06 नवम्बर
#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 196/2026
*06 नवम्बर 2026 (शुक्रवार)*
#बाल_कहानी - #धनतेरस
--------------------
"जय और विजय! दोनों जल्दी उठो, स्कूल की देर हो जाएगी। आज धनतेरस है, बहुत काम है। आज तुम्हारे दादा-दादी भी यात्रा से वापस आ रहे है।
त्योहार है और तुम लोग सो रहे हो! जल्दी उठो! दोबारा कहना न पड़े।"
"माँ! जब त्योहार है तो आज स्कूल जाने की क्या ज़रूरत है? मैं भी आपके काम में हाथ बटाऊँगा और दादा-दादी का स्वागत करूँगा।"
"इसकी कोई ज़रूरत नहीं हैं। आज स्कूल खुला है। आज तुम दोनों स्कूल जाओ! स्कूल से आने के बाद मेरे काम में हाथ बँटाना और दादा-दादी से आशीर्वाद लेना। प्रतिदिन समय से स्कूल जाना बहुत जरूरी है।"
"ठीक है, माँ! हम स्कूल जाएँगे, पर आपको यह बताना होगा कि धनतेरस क्या है, धनतेरस क्यों मनाया जाता है? तभी हम लोग स्कूल जाएँगे।"
"जिद न करो, तुम दोनों स्कूल जाओ बहुत देर हो रही हैं..। स्कूल जाते ही अपनी टीचर से पूछ लेना वो मुझसे बेहतर बता देंगी।"
"ठीक है, माँ! हम भाई के साथ तैयार होकर स्कूल जा रहे हैं।"
स्कूल पहुँचते ही जय और विजय ने अपनी टीचर से आदर पूर्वक पूछा, "मैम जी! ये बताइए, धनतेरस क्यों मनाया जाता है?"
टीचर ने बच्चों को समझाते हुए कहा, "धनतेरस का त्योहार हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इसे धनत्रयोदशी या धन्वन्तरि जयन्ती के नाम से भी जाना जाता है। इसे मनाने के मुख्य कारण और पौराणिक मान्यताएँ भी हैं। भगवान धन्वन्तरि का प्राकट्य-पौराणिक कथा के अनुसार, समुद्र-मन्थन के दौरान कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के दिन आयुर्वेद और चिकित्सा के देवता भगवान धन्वन्तरि अपने हाथों में अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन उनकी पूजा की जाती है ताकि परिवार को अच्छा स्वास्थ्य और लम्बी आयु मिले।...माता लक्ष्मी और कुबेर की पूजा इस दिन धन की देवी माता लक्ष्मी और धन के देवता भगवान कुबेर की भी विधि-विधान से पूजा की जाती है। 'धन' और 'त्रयोदशी' के मिलने से ही इस पर्व का नाम 'धनतेरस' पड़ा है।
नई वस्तुओं और धातु की खरीदारी-मान्यता है कि इस दिन बर्तन, सोना, चाँदी या अन्य नई वस्तुएँ खरीदने से घर में सुख, समृद्धि और माँ लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है।
यम दीपदान-अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति और परिवार की रक्षा के लिए इस दिन शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर यमराज के निमित्त 'यम दीपदान' किया जाता है।"
"ठीक है, मैम जी! हम लोगों को समझ में आ गया। अब हम लोग कभी नहीं भूलेंगे और छुट्टी होने के बाद घर पहुँचकर धनतेरस मनायेंगे।" बच्चों ने कहा।
#संस्कार_सन्देश-
प्रतिदिन समय से विद्यालय जरूर जाएँ।
कहानीकार-
#शमा_परवीन
बहराइच (उत्तर प्रदेश)
✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात
Comments
Post a Comment