195/2026, बाल कहानी- 05 नवम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात - 195/2026
*05 नवम्बर 2026 (गुरुवार)*
#बाल_कहानी- #मेला_का_रहस्यमई_परिणाम 
 ----------------------

मेले खुशी और संस्कृति के आईना होते हैं। लोग पूरे वर्ष रूपये कमाते हैं, फिर उसमें से कुछ धन संजोकर रखते हैं, जिससे वे मेले की मनोहारी छटा देखने जाते हैं। मेले की एक छोटी सी कहानी आप सभी दर्शकों एवं अपने शुभचिन्तकों को भेंट कर रहा हूँ। 
एक गाँव था, जिसमें एक बुधिया नाम की एक सीधी-साधी लड़की रहती थी, पर, वह बहुत समझदार थी। उसका बापू जो भी लाता, बुधिया को सँभालने को देता। बुधिया भी उस मेहनत की कमाई को बढ़ी ही हिफाज़त के साथ रख देती।
गरीबी सिर से पैर तक पूरे बदन को ढके हुए थी। बुधिया का बूढ़ा बापू जितनी मेहनत से कमाता था, वह उसको उतने चाव से खर्च नहीं कर सकता था क्योंकि उसके बापू को बुधिया के सयाने होने की चिन्ता अभी से खाये जा रही थी।
ये सब बुधिया समझती थी | तन पर इकलौटे कपड़े, जो कई जगह थिगरों से सिले थे।
एक दिन बुधिया ने देखा कि गाँव के पास ही मेला लगा है। मेला सिर्फ साल में एक वार ही लगता था। इस मेले से ही सभी गाँव-वाले अपनी जरूरतों का सामान खरीद लेते थे और फिर पूरे साल कुछ नया खरीदने के लिए मेले का इन्तजार करते थे।
बुधिया ने बापू से कहा, "बापू! क्यों न हम लोग भी चलें मेला देखने? कुछ जरुरत का होगा तो ले आएँगे?"
बापू, "अरे! बुधिया देखले.. तू ही जाने मोहे तो हिसाब किताब आता नहीं है। अगर कुछ बचा होय तो चल मेला।"
बुधिया, "मैंने पूरी साल बचाकर कुछ रूपये बचाये हैं, उनमें से कुछ रूपये लेकर मेला चलें बापू।"
बापू, "जैसी तेरी मरजी! मैं ठहरो अनपढ़, तुझे जो तेरी मास्टरनी ज्ञान दियो है।" 
"हाँ, बापू चलो ! बुधिया ने बड़े ही सहजता से जवाव दिया।
बुधिया और उसके बापू मक्खू हाथ-मुँह धोकर मेला जाने को तैयार होकर चल दिये।
वही कपड़े, जिन पर थिगरों की कतार लगी थी पर दोनों ने उस दिन धुलकर पहने थे। बुधिया और मक्खू इतने खुश थे, मानो स्वर्ग देखने जा रहे हों। मक्खू अपनी बुधिया को मन ही मन आशीर्वाद दे रहा था, जिसके कारण वह अपने जीवन में पहली वार इतने उत्साह के साथ मेला जारहा था।
कुछ देर चलने के बाद वो दोनों मेला पहुँच गये। मेला इतना सुन्दर था, मानो उनको स्वर्ग के दर्शन हो गये हों। अब वे बेसुध होते-होते बचे। दोनों ने होश संभाला और मेला देखने के लिए आगे बढ़ गए। मेले में तरह-तरह की दुकानें लगी हुई थी ऊँचे-ऊँचे झूले थे, तरह-तरह के खिलौनों की दुकानें थीं। खाने की बहुत सारी दुकानें लगी हुई थी, पर बुधिया और उसके बापू के लिए सब बेकार थीं। दोनों के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह मेल को अपने इच्छा के अनुसार देख सकें। वह अपने पैसों से अपने घर का जरूरत का सामान खरीदना चाह रहे थे। दोनों ने खूब घूमकर मेला देखा, पर एक पैसे का भी कोई भी खर्च नहीं किया।
मेले में बुधिया ने एक बहुत अचरज भरी व्यवस्था देखी कि दुकान वाले सारे सामान से निकलने वाले कचरा और पन्नी को यूँ ही मेले में छोड़ रहे हैं, जिससे आने वाले समय में बहुत ही भयंकर प्रदूषण होगा। जगह-जगह पॉलिथीन का ढेर लगा हुआ था। इस ढ़ेर पर किसी भी मेला लगाने वाले कमेटी के सदस्यों का ध्यान नहीं जा रहा था और इस बात का न ही किसी मेला मालिक के सदस्य को भान था।
अब बुधिया ने सोचा, "मैं जो भी लूँगी, यदि वह पॉलिथीन में होगा तो मैं उसे अपने घर तक ले जाऊँगी और उसको सुरक्षित स्थान पर जलाकर उसे खत्म कर दूँगी।"
बुधिया ने अपने बापू के साथ घर के लिए एक तवा और एक चकरा-बेलन लिया और उसने अपने बापू के लिए एक चाट बनवाई और अपने बापू को देते हुए बोली, "लो, बापू! तुम बहुत मेहनत करते हो! आज तुम एक चाट खा लो, जिससे कुछ नया खाने की जीवन भर की इच्छा पूरी हो जाए।"
मक्खू की आँखों में आँसू आ गए और उसने अपनी बेटी बुधिया को गले लगा लिया। अब क्या! बाप और बेटी दोनों गले लगकर गरीबी पर खूब रोये और फिर बापू ने बुधिया को समझाया, "तुम छोटी जरूर हो, पर तुम्हारा दिल बहुत बड़ा है। तुम बहुत समझदार हो। तुमने आज जो करके दिखाया, वो एक हर बेटे, हर एक बेटी को अपने माता-पिता के लिए करना चाहिए।"
अब दोनों ने आँसू पोछते हुए चाट खाई और फिर दोबारा मेले में घूमकर देखा। अपने मन को आनन्द से प्रफुल्लित कर मेले में आए तरह-तरह के लोगों को देखने लगे।
उन्होंने देखा कि कोई गाड़ी से आ रहा है, किसी के पास इतना धन है, जो खर्च करे ही जा रहा है और एक मैं... दिन रात मेहनत करने के बाद भी दो पैसे अपने लिए नहीं जोड़ पा रहा हूँ। बिटिया सयानी होती चली जा रही है, इसके लिए भी तो कुछ इन्तजाम करना होगा, जिससे इसके हाथ पीले कर सकूँ।"
अब धीरे-धीरे शाम होने वाली थी। दोनों अब अपने घर की ओर लौटने लगे, तभी रास्ते में बुधिया ने अपने बापू को बताया, "मेले में कितने गन्दे लोग आते हैं, जो हमारे पर्यावरण को बहुत ही गन्दा करते हैं। हमारी मैडम जी हमें बताती हैं कि हमें अपना पर्यावरण गन्दा नहीं करना चाहिए। मेले को लगाने वाले जो मेला कमेटी के सदस्य होते हैं, उनकी भी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि जहाँ मेला लगवाते हैं, वहाँ पर्यावरण स्वच्छ रखने का कुछ न कुछ उपाय अवश्य करें, जिससे हमारा पर्यावरण स्वच्छ रहे और हम अच्छा जीवन जी सकें।" 
यह सब बातें सुनकर मक्खू समझ गया था कि उसकी बेटी बहुत समझदार है। आगे चलकर अपना नाम रोशन करेगी और इस तरह से वह दोनों अपने घर लौट आये और फिर अपनी गरीबी में जीने लगे, परन्तु बुधिया ने संकल्प लिया कि वह एक न एक दिन पर्यावरण स्वच्छता पर आवश्यक काम करेगी और अपने भारत को और अपने देश को स्वच्छ बनाएगी।"

#संस्कार_सन्देश -
मेरे मित्रों! इस छोटी बच्ची की तरह हमें भी संकल्प लेना चाहिए कि हम जहाँ भी जाएँ, अपने पर्यावरण को स्वच्छ रखें, सुन्दर रखें। जीवन के मेले तभी सुन्दर लगेंगे। जब हमारा पर्यावरण सुन्दर और स्वच्छ होगा।

कहानीकार-
#धर्मेंद्र_कुमार _धरम (प्र०अ०)
प्राथमिक विद्यालय नगला जालिम, 
बेवर मैनपुरी, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश )

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews