192/2026, बाल कहानी-02 नवम्बर

#दैनिक_नैतिक_प्रभात- 192/2026
*02 नवम्बर 2026 (सोमवार)*
#बाल_कहानी - #फुटबॉल
--------------------

एक प्यारा सा गाँव था। उस गाँव में एक व्यापारी रहता था। व्यापारी अपनी पत्नी और ग्यारह साल के पुत्र करन के साथ बहुत खुशी-खुशी जीवन यापन कर रहा था। व्यापारी के कारोबार में दिन-रात तरक्की होती थी। वैसे तो वह बहुत खुश था, परन्तु एक चिन्ता उसको हमेशा लगी रहती थी कि करन इकलौती औलाद होने के कारण दुलार में बिगड़ गया था। वह स्कूल नहीं जाता था, यही चिन्ता व्यापारी को लगी रहती थी कि मेरा बेटा कहीं अशिक्षित न रह जाए।
इकलौती सन्तान होने के कारण करन को उसके माता-पिता बहुत प्यार करते थे। उसकी हर ख्वाहिश पूरी करते थे। वे उसे जरा भी डाँटते नहीं थे अधिक दुलार के ही कारण करन विद्यालय नहीं जाता था क्योंकि उसको पता था कि उसके माता-पिता उसको डाँटेंगे नहीं, सिर्फ समझाएँगे। वह रोज कहता, "कल से रोज़ स्कूल जाएँगे" उसका ये कल कभी नहीं आता था।
करन को फुटबॉल खेलना बहुत पसन्द था। करन जो भी फरमाइश करता, व पूरी होती। उसके पास अच्छे-अच्छे खिलौने आ जाते। करन ने कई तरह के फुटबॉल अपने पिताजी से मँगवा लिये थे। वह रोज नए-नए फुटबॉल लेकर मैदान की तरफ चला जाता था। जो भी उसे मिल जाता उसके साथ खेलने लगता था।
किसी दिन तो ऐसा भी होता था कि सब बच्चे स्कूल चले जाते थे, वह अकेला ही फुटबॉल खेलता रहता था। अभिभावक शिक्षक यहाँ तक के करन को कई मित्रों ने समझाया, पर वह किसी की नहीं सुनता था। 
एक दिन की बात है, सभी बच्चे स्कूल चले गये। गाँव में उसे कोई भी नहीं मिला साथ खेलने के लिए। करन का मन था कि आज वह कई लोगों के साथ फुटबॉल खेले, पर उसके सारे मित्र स्कूल जा चुके थे। करन पास के ही दूसरे गाँव में चला गया, वहाँ कुछ बच्चे बैठे हुए थे। करन ने फुटबॉल देख कर उन बच्चों से दोस्ती की और उनके साथ फुटबॉल खेलने लगा।
करन मित्रों के साथ फुटबॉल खेल रहा था खेलते-खेलते अचानक करन के पेट में दर्द होने लगा।
करन खेल के स्थान से हटकर दूर जाकर एक पेड़ के नीचे बैठ गया। सभी मित्र करन की तरफ देखने लगे और करन को आवाज देते हुए बोले, "क्या हुआ करन, तुम डर गए क्या खेलोगे नहीं?"
करन ने कोई जवाब नहीं दिया क्योंकि करन के पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा था। वह दर्द के मारे कुछ बोल ना सका और चुपचाप पेड़ के नीचे बैठ गया।
करन के सभी मित्र फुटबॉल खेलने में मस्त हो गए करन पेट दर्द से कराहता रहा।
पेट दर्द तेज होने के कारण करन ने सोचा कि घर की तरफ चले करन धीरे-धीरे घर की तरफ चलने लगा। समय बहुत हो गया था उधर स्कूल में छुट्टी भी हो गई। सभी बच्चे स्कूल से लौट रहे थे। करन को पेट दर्द सहन नहीं हो रहा था। वह सड़क किनारे ही बैठ गया और रोने लगा। तभी उसका एक मित्र, जो विद्यालय से लौट रहा था, उसने करन की हालत देखी तो दौड़कर करन के पास आ गया।
करन से पूछते हुए बोला, "क्या हुआ मित्र! तुम यहाँ क्यों बैठे हो, कोई तकलीफ है क्या?"
करन ने जवाब दिया, "बहुत जोर से पेट में दर्द हो रहा है मित्र!... राज मुझे घर ले चलो।"
"ठीक है, मैं तुम्हें अपनी साइकिल पर बैठाकर तुम्हारे घर ले चलता हूँ।" करन का मित्र साइकिल पर बैठाकर करन को घर तक ले गया। करन के अभिभावक ने जल्द से जल्द करन को डॉक्टर को दिखाया। कुछ ही देर में करन दवाई खाकर ठीक हो गया। करन ने अपने मित्र राज को 'धन्यवाद' किया कि उसने समय से उसको घर पहुँचा दिया, जहाँ उसका इलाज उसके अभिभावक ने कराया।
राज ने करन के धन्यवाद का उत्तर देते हुए कहा, "मित्र! मैं चाहता हूँ, तुम मेरे साथ रोज स्कूल चलो। इस धन्यवाद की कोई जरुरत नहीं है, यह तो मेरा फर्ज था। रही बात फुटबॉल खेलने की, वह तुम स्कूल में खेल के पिरियड में भी खेल सकते हो। मैं भी तुम्हारे साथ खेलूँगा। वादा करता हूँ, पर तुम प्रतिदिन स्कूल चलो मेरे साथ।" 
करन ने प्रतिदिन विद्यालय समय से जाने के लिये हांमी भर ली।
करन के इस फैसले से सभी लोग बहुत खुश हो गये। सभी को खुश देखकर करन को भी खुशी हुई क्योंकि आज करन को बहुत अफसोस हुआ कि वह उन दोस्तों के साथ खेल रहा था, जिन दोस्तों को खेल के अलावा कुछ और नहीं सूझा था। करन ने निश्चय किया कि अब वह अपने स्कूल समय पर जाएगा और अपने अच्छे दोस्तों के साथ रहेगा उन्हीं के साथ फुटबाल खेलेगा।

#संस्कार_सन्देश- 
अच्छा मित्र हमेशा अच्छी राह दिखाता है।

रचनाकार-
#शमा_परवीन 
बहराइच (उत्तर प्रदेश)

✏️संकलन
📝टीम #मिशन_शिक्षण_संवाद
#दैनिक_नैतिक_प्रभात

Comments

Total Pageviews